
मारपीट में घायल युवक
Maharajganj: चौक थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुरानी रंजिश ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया और एक युवक को ईंट से हमला कर लहूलुहान कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पोखरी विवाद बना झगड़े की जड़
घटना ग्राम कमहरिया कला बडहरा राजा की है, जहां एक पोखरी की नीलामी के बाद मछली पालन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। पोखरी किनारे झोपड़ी डालकर बकरियां रखने को लेकर भी दोनों पक्षों में तनातनी बनी हुई थी। इस मामले की शिकायत पहले ही थाने में की जा चुकी थी, लेकिन तनाव खत्म नहीं हुआ।
ईंट से हमला, युवक गंभीर
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रमोद चौधरी खेत से लौट रहे थे, तभी कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान आरोपित पक्ष के विशिष्ट नामक व्यक्ति ने ईंट से हमला कर दिया। हमले में प्रमोद चौधरी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचीं मंशा देवी के साथ भी मारपीट की गई। उनके बाल पकड़कर घसीटा गया, जिससे माहौल और बिगड़ गया। वहीं, भतीजे आशीष चौधरी को भी पटककर पीटा गया।
बदायूं में पत्नी और सिपाही पर गंभीर आरोप, पढ़िये युवक की खुदकुशी के पीछे की खौफनाक कहानी
ग्रामीणों के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को काबू में किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने मामले में मुकदमा संख्या 45/26 धारा 115(2), 351(3), 352(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है। अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जिससे दोबारा कोई विवाद न हो।
Location : Maharajganj
Published : 31 March 2026, 6:56 PM IST