10 से 15 अगस्त तक भाजपा चलाएगी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, युवाओं की भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर

भारतीय जनता पार्टी 10 से 15 अगस्त तक सुल्तानपुर सहित पूरे जिले में 'हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा' अभियान चलाएगी। अभियान के तहत तिरंगा पदयात्रा, स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। भाजपा ने इस अभियान में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 4 August 2026, 5:38 PM IST

Sultanpur: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने जिलेभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान की तैयारी पूरी कर ली है। पार्टी 10 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा–तिरंगा यात्रा' अभियान चलाएगी। इस दौरान तिरंगा पदयात्रा, तिरंगा यात्रा, स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जैसे कई आयोजन किए जाएंगे। भाजपा का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य घर-घर राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाना है, जबकि युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष फोकस रहेगा।

भाजपा कार्यालय में हुई कार्यशाला

अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरि ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

एक पल में छिन गई दो जिंदगियां… तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने मचाई तबाही, सुल्तानपुर में दो युवतियों की दर्दनाक मौत

जिला से मंडल स्तर तक जिम्मेदारियां तय

भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिला, मंडल और बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरि के प्रथम जनपद आगमन पर सोनावा बॉर्डर से भाजपा कार्यालय तक कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

ऐसा रहेगा कार्यक्रम

भाजपा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 10 से 12 अगस्त तक विभिन्न मंडलों में तिरंगा पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा जनसंपर्क अभियान के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर गोष्ठियों का आयोजन और मौन जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

सुल्तानपुर में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित कार मकान से टकराई, दो महिलाओं की मौत

युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस

भाजपा नेताओं का कहना है कि अभियान की सफलता के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। पार्टी का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा तिरंगा यात्रा, पदयात्रा और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।

Location :  Sultanpur

Published :  4 August 2026, 5:38 PM IST