गोरखपुर में बर्ड फ्लू का कहर,कई क्षेत्रों में फैला संक्रमण, मुर्गा बिक्री पर 21 दिन की रोक

गोरखपुर में बर्ड फ्लू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 June 2025, 12:37 PM IST
google-preferred

गोरखपुर: गोरखपुर में बर्ड फ्लू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। पहले चिड़ियाघर में कुछ जानवरों की रहस्यमयी मौत हुई थी, जिसके बाद नमूनों की जांच करवाई गई। जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस खबर के बाद स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग सतर्क हो गया है। खास बात यह है कि संक्रमण की शुरुआत कौवों से मानी जा रही है, जिससे यह खतरा और भी गंभीर हो गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, चिड़ियाघर के पास के क्षेत्रों जैसे तारामंडल, भगत चौराहा, झुंगिया बाजार और एल्युमिनियम फैक्ट्री क्षेत्र से लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है। विभाग ने आनन-फानन में रैपिड रिस्पांस टीम को एक्टिव कर दिया है, जो संक्रमित क्षेत्रों में काम कर रही है।

1000 से अधिक मुर्गों को मारा गया

पशुपालन विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने आज एक बड़ा एक्शन लेते हुए संक्रमित पाए गए करीब 1000 मुर्गों को मारकर जमीन में दफनाया। यह कदम संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया है। विभाग ने जानकारी दी है कि यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और जरूरत के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी कार्यवाही की जाएगी।

सैनिटाइजेशन और कंट्रोल रूम

नगर निगम द्वारा संक्रमित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। वहीं, पशुपालन विभाग ने एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जहां आम जनता किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए संपर्क कर सकती है। इसके साथ ही एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, ताकि लोग संक्रमण के लक्षण या संदिग्ध घटनाओं की जानकारी तुरंत विभाग तक पहुंचा सकें।

21 दिन के लिए मुर्गा बिक्री पर रोक

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने गोरखपुर शहर में अगले 21 दिनों तक मुर्गा और पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह निर्णय बर्ड फ्लू के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लिया गया है। इस दौरान पोल्ट्री फॉर्म्स पर भी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से अपील

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, सतर्क रहें और किसी भी बीमार पक्षी या जानवर को देखकर तुरंत पशुपालन विभाग या नगर निगम को सूचित करें। संक्रमण को रोकने के लिए सभी को सहयोग करना होगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  1 June 2025, 12:37 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement