
देवरिया में दर्दनाक हादसा (IMG: Dynamite News)
Deoria News: देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के बालेपुर मठिया गांव में एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली। दोस्तों के साथ नहाने गए दो बालकों की गड्ढे में जमा पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और बच्चों को बचाने की कोशिश शुरू की गई।
बालेपुर चौराहे के पास रहने वाले तौहीद (10) पुत्र मुन्ना नट और मठिया पठान निवासी शहाबुद्दीन (12) पुत्र लतीफ अपने दोस्तों के साथ नहाने गए थे। जब दोनों काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार वालों ने बच्चों की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान दोनों गड्ढे में भरे पानी में मिले। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
तौहीद अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां हसीना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के इकलौते चिराग के बुझ जाने से घर में मातम छा गया। वहीं, शहाबुद्दीन पांच भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत के बाद उसकी मां बेटे का सिर गोद में रखकर बार-बार बेसुध हो जा रही थी। पूरे परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। खुखुंदू थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली। थानाध्यक्ष खुखुंदू ने बताया कि मृत बच्चों के परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की है।
Location : Deoria
Published : 16 August 2026, 5:13 PM IST
Topics : crime news Deoria News Deoria Police up crime UP News