रायबरेली में दर्दनाक हादसा: 50 फीट से गिरा राजमिस्त्री, तड़प-तड़पकर तोड़ा दम

रायबरेली के ऊंचाहार में निर्माणाधीन पानी की टंकी से गिरकर एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। ठेकेदार पर सुरक्षा में लापरवाही के आरोप हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 7 February 2026, 8:05 PM IST

Raebareli: रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में विकास कार्य के बीच एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। हर घर जल योजना के तहत बन रही पानी की टंकी एक मजदूर के लिए मौत का कारण बन गई। ऊंचाई पर काम करते वक्त संतुलन बिगड़ने से एक युवा राजमिस्त्री नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके के कुछ ही देर बाद मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

50 फीट ऊंचाई से गिरा मजदूर

मृतक की पहचान सन्दीप सोनकर उम्र करीब 25 वर्ष पुत्र गुब्बर के रूप में हुई है। सन्दीप फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र के चननमऊ गांव का रहने वाला था और पेशे से राजमिस्त्री था। वह ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के मदारीगंज मजरे सरायं परसू गांव में निर्माणाधीन पानी की टंकी पर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि टंकी पर करीब 50 फीट ऊंचाई पर सीढ़ी का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के बाद निर्माण स्थल पर मौजूद अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में साथी मजदूरों ने एंबुलेंस बुलाकर सन्दीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचाहार पहुंचाया। हालांकि वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।

ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही के आरोप

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा को लेकर उठ रहा है। बताया जा रहा है कि पानी की टंकी का निर्माण एक ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा था, लेकिन काम के दौरान मजदूर को न तो सेफ्टी बेल्ट दी गई थी और न ही किसी तरह के अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। बिना सुरक्षा इंतजाम के ऊंचाई पर काम कराना सीधे तौर पर मजदूर की जान से खिलवाड़ माना जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर ऊंचाहार कोतवाली प्रभारी अजय कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

युवा राजमिस्त्री की अचानक मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रोजी-रोटी के लिए बाहर काम करने आए युवक की इस तरह मौत ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और ठेकेदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 7 February 2026, 8:05 PM IST