भदोही में दर्दनाक हादसा: वेल्डिंग के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

भदोही में रोज की तरह काम पर निकले एक युवक के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। वेल्डिंग करते समय करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने कार्यस्थल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 30 June 2026, 6:55 PM IST

Bhadohi: चौरी थाना क्षेत्र के जीयनपुर गांव निवासी 26 वर्षीय मनीष गौतम की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा भैरोपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में उस समय हुआ, जब मनीष वेल्डिंग का कार्य कर रहे थे। अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मकान में चल रहा था वेल्डिंग का काम

जानकारी के अनुसार, मनीष गौतम रोज की तरह मजदूरी के लिए निर्माणाधीन मकान पर गए थे। वहां वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से उनकी हालत बिगड़ गई। स्थानीय लोगों और साथ काम कर रहे मजदूरों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

हर बार पुलिस को चकमा देता रहा…आखिरकार STF ने ऐसे दबोचा 50 हजार का इनामी, खुद ही बताया आगे का प्लान

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की। गुस्साए परिजनों ने चौरी-महराजगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

Muzaffarnagar News: गुड खांडसारी एंड ग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के चुनाव में संजय और सचिन गुट के बीच कांटे की टक्कर

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी औराई श्याम मणि त्रिपाठी ने परिजनों से बातचीत की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का कहना है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Bhadohi

Published :  30 June 2026, 6:55 PM IST