हिंदी
शव मिलने से गांव में फैली सनसनी (Img: Dynamite News)
Bhadohi: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक युवक का शव तालाब में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक पिछले 24 घंटे से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान धीरज शुक्ला उर्फ बब्लू, पुत्र कपूरचंद्र शुक्ला, निवासी सदौपुर गांव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि धीरज करीब 24 घंटे पहले घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार शाम उनका शव दानुपुर पूरबपट्टी गांव स्थित एक तालाब में तैरता हुआ मिला, जो उनके घर से लगभग दो किलोमीटर दूर है।
तालाब में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सुरियावां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि धीरज की मौत सामान्य नहीं है। उनका कहना है कि युवक की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कार्रवाई हो।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी संगीता मौके पर पहुंचीं। पति का शव देखते ही वह बेसुध होकर रोने लगीं। परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे एक नाबालिग बेटा और एक नाबालिग बेटी छोड़ गए हैं। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सुरियावां थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।
Location : Bhadohi
Published : 10 July 2026, 8:51 AM IST
Topics : Bhadohi News missing youth Pond Dead Body