बरेली में महिला की FIR दर्ज न करना पुलिसकर्मियों को पड़ा भारी! थानाध्यक्ष समेत 3 सस्पेंड

बरेली के सीबीगंज थाने में गंभीर चोट के साथ शिकायत लेकर पहुंची महिला की FIR दर्ज नहीं करना तीन पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। पुलिस कार्यालय से निर्देश मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। मामला सामने आने पर SSP अनुराग आर्य ने थानाध्यक्ष विनोद सिंह समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 November 2026, 3:50 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में शिकायत लेकर थाने पहुंची एक महिला की FIR दर्ज नहीं करना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। सिर में गंभीर चोट होने के बावजूद महिला की शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई। इतना ही नहीं, पुलिस कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद भी सीबीगंज थाना पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की। मामले में लापरवाही सामने आने पर SSP अनुराग आर्य ने थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।

मामला सीबीगंज थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली एक महिला 27 अक्टूबर को शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। महिला के सिर में गंभीर चोट थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और FIR दर्ज नहीं की। थाने से सुनवाई नहीं होने पर महिला की शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंची।

पुलिस कार्यालय के निर्देश भी किए नजरअंदाज

महिला की शिकायत मिलने के बाद 29 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय से सीबीगंज थाना पुलिस को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित पुलिसकर्मियों ने FIR दर्ज नहीं की। गंभीर चोट के साथ थाने पहुंची महिला की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे।

कैंसर पीड़ित की जमीन पर अवैध कब्जा, जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

मामले की जानकारी SSP अनुराग आर्य तक पहुंची तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। इसके बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

सी.बी.गंज पुलिस स्टेशन (Image Source: Dynamite News)

एक दिन पहले SSP ने दिए थे सख्त निर्देश

इस मामले में खास बात यह भी रही कि SSP अनुराग आर्य ने 28 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि थाने पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनके निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

हालांकि, इन निर्देशों के अगले ही दिन सीबीगंज थाना पुलिस को महिला की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश मिलने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई।

Kanpur News: जाम से परेशान लोगों के लिए बड़ी पहल, पुलिस ने मांगे आम जनता से सुझाव!

थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

महिला की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी के मामले में SSP अनुराग आर्य ने सोमवार को कार्रवाई की। उन्होंने सीबीगंज थानाध्यक्ष विनोद सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार और उप निरीक्षक अश्वनी शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। एक ही थाने के तीन पुलिसकर्मियों पर हुई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हलचल है। मामले में अब विभागीय जांच के जरिए लापरवाही से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।

Location :  Bareilly

Published :  2 November 2026, 3:50 PM IST