हिंदी
शेखापुर गांव से लंगर लेकर उर्स में पहुंचे थे इसरार (Source: Pinterest )
Bareilly: बरेली में आला हजरत के उर्स-ए-रजवी में जायरीन की खिदमत के लिए पहुंचे इसरार हुसैन के साथ रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। लंगर व्यवस्था संभालते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़े और देखते ही देखते बेहोश हो गए। आसपास मौजूद साथियों ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी के मुताबिक, इसरार हुसैन भुता लंगर कमेटी से जुड़े हुए थे। वह बीसलपुर के पास स्थित शेखापुर गांव से लंगर लेकर उर्स-ए-रजवी में पहुंचे थे। उर्स में बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे थे, जिनके लिए लंगर की व्यवस्था की गई थी। इसरार भी अपने साथियों के साथ इसी व्यवस्था में जुटे हुए थे।
अब नहीं चलेगी मनमानी! राम मंदिर ट्रस्ट में लागू हुआ डिजिटल सिस्टम, हर भुगतान का बनेगा रिकॉर्ड
रविवार को कुल के दौरान इसरार हुसैन लंगर की व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इससे पहले कि साथी कुछ समझ पाते, वह लड़खड़ाकर बेहोश हो गए और जमीन पर गिर पड़े। उन्हें गिरता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
साथियों ने तत्काल उन्हें संभाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसरार हुसैन की अचानक मौत की खबर जैसे ही उनके साथियों और लंगर कमेटी के सदस्यों को मिली, सभी स्तब्ध रह गए। कुछ देर पहले तक जिस व्यक्ति के साथ वे जायरीन की खिदमत में जुटे थे, उसके अचानक दुनिया से चले जाने की खबर ने सभी को गमगीन कर दिया।
उर्स में आए लोगों और उनके साथियों के बीच इसरार की मौत चर्चा का विषय बन गई। उनके परिवार और परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
महराजगंज में सपा की PDA जन पंचायत, भाजपा पर बरसे संजय सविता; 2027 के लिए पिछड़ों को दिया संदेश
इसरार हुसैन के इंतकाल की सूचना जब दरगाह आला हजरत पहुंची तो सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने गहरा दुख जताया। उन्होंने इसरार हुसैन की मगफिरत के लिए दुआ की और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उर्स के दौरान जायरीन की खिदमत में जुटे इसरार हुसैन की अचानक हुई मौत ने सभी को भावुक कर दिया। लंगर की सेवा करते हुए उनकी जिंदगी का सफर अचानक थम गया।
Location : Bareilly
Published : 9 August 2026, 4:29 PM IST
Topics : Ala Hazrat Urs bareilly news Urs e Razvi