Bareilly: बरेली में जिस ‘बेटे’ पर किया अटूट विश्वास, वही क्यों बन गया जान का दुश्मन? जानें क्या है यह हैरान कर देने वाली खबर

बरेली के सुभाष नगर क्षेत्र में एक महिला की गुमशुदगी के बाद उनकी हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। जानें मामले की पूरी जानकारी।

Updated : 6 May 2026, 12:33 AM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से रिश्तों के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिस युवक को एक बुजुर्ग महिला ने अपना 'मुंह बोला बेटा' माना और पलकों पर बिठाया, उसी ने जमीन और जायदाद के लालच में उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित वरुण पराशरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वरुण ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की जो कहानी सुनाई, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

लापता होने के बाद CCTV ने खोला राज

सुभाष नगर के मढ़ीनाथ निवासी शारदा यादव (पति गजराज यादव, सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर LIU) शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर से अचानक लापता हो गई थीं। रविवार को गुमशुदगी दर्ज होने के बाद जब परिजनों ने खुद सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो सोमवार शाम को सिटी स्टेशन के पास शारदा यादव, वरुण पराशरी की वैगनआर कार में बैठती नजर आईं। वरुण पिछले एक साल से उनके घर आता-जाता था और उन्हें 'मां' कहता था।

खून से लथपथ कार और टूटी चूड़ियां

परिजनों ने जब कार का पीछा किया, तो वह जिला अस्पताल के पास लावारिस खड़ी मिली। कार के अंदर का नजारा खौफनाक था—सीटों पर खून बिखरा था, शारदा यादव की चूड़ियां टूटी पड़ी थीं और स्टेपनी बदलने वाला 'पाना' (Wrench) खून से लथपथ मिला। पुलिस ने तत्काल वरुण को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने हत्या की बात स्वीकार ली और उसकी निशानदेही पर पीलीभीत के जहानाबाद रोड से शव बरामद किया गया।

Maharajganj News: चलते बाइक सवार को एसएसआई ने मारा थप्पड़, वीडियो वायरल, एसपी ने लिया संज्ञान

40 बीघा जमीन और स्कूल पर थी नजर

पूछताछ में वरुण ने बताया कि उसे पता था कि शारदा यादव के पास 40 बीघा जमीन और 700 वर्ग गज में फैला एक स्कूल है। उसने अपने पिता को भी झांसा दिया था कि वह जल्द ही इस संपत्ति का एक हिस्सा अपने नाम करा लेगा।

शनिवार को वह शारदा यादव को कार में बैठाकर कैंट क्षेत्र में ले गया और उनसे जमीन नाम करने की मांग की। जब शारदा यादव ने यह कहकर मना कर दिया कि संपत्ति केवल उनके सगे बेटों की है, तो वरुण आपा खो बैठा।

मरने से पहले महिला के आखिरी शब्द: "तू तो लालची निकला"

वरुण के मुताबिक, जब उसने जमीन मांगी तो शारदा यादव ने भावुक होकर कहा, "मैंने तुझे अपना बेटा समझा था, लेकिन तू तो लालची निकला।" यह सुनकर वरुण ने गुस्से में कार में रखे लोहे के पाने से उनके सिर पर कई वार किए। जब वह बेहोश हो गईं, तो उसने गला दबाकर उनकी जान ले ली। अगले दिन रविवार को उसने शव को पीलीभीत ले जाकर ठिकाने लगा दिया।

UP Crime: 4 दिन से गायब मासूम का मिला शव, फिरौती के खेल का खौफनाक अंजाम

प्रशासन की संवेदनशीलता

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर सीओ फरीदपुर खुद पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद रहे ताकि सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर गजराज यादव को किसी भी कागजी प्रक्रिया में परेशानी न हो। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

Location :  Bareilly

Published :  6 May 2026, 12:33 AM IST