हिंदी
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल (Img: Dynamite News)
Bareilly: भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौरा टांडा में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले 65 वर्षीय किराना व्यापारी की अज्ञात हमलावरों ने चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। कुछ देर बाद उनका लहूलुहान शव विवियापुर रोड किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सुबह करीब सात बजे विवियापुर रोड से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक की नजर सड़क किनारे पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर वह व्यक्ति खून से लथपथ मिला। पहचान होने पर पता चला कि शव धौरा टांडा वार्ड नंबर-1 निवासी सियाराम श्रीवास्तव (65) पुत्र चुन्नीलाल का है। चालक ने तुरंत पुलिस और स्थानीय लोगों को सूचना दी।
घरवालों के मुताबिक सियाराम श्रीवास्तव पेशे से किराना व्यापारी थे। वह रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब 7,बजे घर से टहलने के लिए निकले थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी हत्या की खबर घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पांच शादीशुदा बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
ये भी पढ़ें- Muzaffarnagar: बेरोजगार युवाओं का आंदोलन रुकने वाला नहीं…” राकेश टिकैत के बयान ने बढ़ाई सरकार की टेंशन
मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि सियाराम के शरीर पर चाकुओं से किए गए कई गहरे घाव थे। इससे साफ है कि हमलावर हत्या की नीयत से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका भी सामने आई है। मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि हाल ही में मकान से जुड़े एक पुराने मुकदमे का फैसला उनके पक्ष में आया था। इसी जानकारी के बाद पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कहीं कोर्ट केस में हुई हार-जीत और संपत्ति विवाद का इस हत्याकांड से कोई संबंध तो नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही भोजीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
ये भी पढ़ें- रात में ट्यूबेल की झोपड़ी में सोने गए पूर्व प्रधान… सुबह जो दिखा, उससे पूरे गांव में मच गया हड़कंप
सीओ हाइवे देवेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर हत्या के सही कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।
Location : Bareilly
Published : 24 July 2026, 12:39 PM IST
Topics : bareilly news Murder Case property dispute UP News