
प्रतीकात्मक छवि
Bareilly: बरेली के शेरगढ़ क्षेत्र में महिला समेत चार लोगों पर एसिड अटैक करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूरा मामला शेरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़ित महिला ने पुलिस में दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया कि वह गांव के ही उमेश कश्यप से पहले बातचीत करती थी, लेकिन कुछ समय से उसने बात करना बंद कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया।
शनिवार तड़के करीब 4 बजे आरोपी छत के सहारे घर में घुसा और सो रहे परिवार पर एसिड अटैक कर दिया।
घटना के समय महिला, उसके पति और दो बच्चे चारपाई पर सो रहे थे। आरोपी ने मच्छरदानी के ऊपर से एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
इस हमले में महिला और बच्चों को मामूली चोटें आईं, जबकि पति गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी उमेश कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। देर रात सूचना मिली कि आरोपी शेरगढ़ बाईपास के पास मौजूद है।
पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Location : Bareilly
Published : 17 May 2026, 1:12 PM IST
Topics : Acid attack bareilly encounter Police Action UP News