
आरोपी सिपाही
Bareilly : उत्तर प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बरेली एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहजहांपुर जिले के जैतीपुर थाने में तैनात एक सिपाही को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। बरेली एंटी करप्शन टीम ने आरोपी सिपाही को थाना परिसर के अंदर स्थित होमगार्ड रूम से गिरफ्तार किया। जहां वह शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ले रहा था।
मामले की शुरुआत बरेली निवासी सुधांशु कुमार शर्मा की शिकायत से हुई। शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से आरोप लगाया था कि उसके खिलाफ दर्ज एक मुकदमे की विवेचना के निस्तारण के नाम पर 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। आरोप था कि यह रकम विवेचक के नाम पर थाना जैतीपुर में तैनात सिपाही विवेक कुमार द्वारा मांगी गई थी।
शिकायत मिलने के बाद बरेली एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
एंटी करप्शन संगठन की ट्रैप टीम प्रभारी प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी के पास भेजा गया। गुरुवार दोपहर करीब 12:57 बजे जैसे ही सिपाही विवेक कुमार ने 35 हजार रुपये की रकम अपने कब्जे में ली, पहले से तैयार बैठी एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
बरेली में शराब माफियाओं पर SSP का बड़ा एक्शन, 100 करोड़ के टपरी डिस्टलरी कांड से कनेक्शन
गिरफ्तार सिपाही विवेक कुमार पुत्र प्रेम सिंह, बुलंदशहर जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम शिवनगर धूसरी का निवासी बताया गया है। वर्तमान में वह शाहजहांपुर के जैतीपुर थाने में तैनात था।
एंटी करप्शन टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ट्रैप टीम प्रभारी प्रवीण सान्याल ने कहा कि शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी भी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत भ्रष्टाचार निवारण संगठन को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
Location : Bareilly
Published : 12 June 2026, 3:43 AM IST