हिंदी
गुप्तेश्वर महादेव मंदिर
बाराबंकी: बाराबंकी जिले के टिकैतनगर स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन अत्यंत भव्य और वैदिक परंपराओं के साथ हुआ। सरयू नदी के पावन तट पर बसे इस प्राचीन शिवधाम में श्रद्धा, आस्था और संस्कृति का अद्वितीय संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में रुद्राभिषेक, शिखर पूजन, न्याय वेदी पूजन, महा रुद्राक्ष अभिषेक और प्रतिष्ठा अनुष्ठान जैसे गूढ़ वैदिक कर्मकांड संपन्न हुए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, पूरे वातावरण में मंत्रोच्चार और धूप-दीप की दिव्यता ने भक्तों को एक अलौकिक अनुभव प्रदान किया। खासकर रुद्राक्ष से किया गया महाभिषेक श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने आचार्यों के सान्निध्य में भगवान गुप्तेश्वर महादेव का विधिवत रुद्राभिषेक किया। उन्होंने हवन में आहुति देकर जनकल्याण की कामना की और प्रसाद वितरण में भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
गुप्तेश्वर महादेव मंदिर 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का एक प्रमुख तीर्थ स्थल है, जो अब तेजी से एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है। इसका शांतिपूर्ण वातावरण, प्राकृतिक सौंदर्य और दिव्य ऊर्जा श्रद्धालुओं को आंतरिक रूप से स्पर्श करती है।
राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा, “ऐसे पावन स्थलों का विकास समाज में श्रद्धा, संस्कृति और एकता को सुदृढ़ करता है। गुप्तेश्वर धाम अब केवल बाराबंकी ही नहीं, बल्कि समूचे उत्तर भारत के धार्मिक मानचित्र पर अपनी विशेष पहचान बना रहा है।”
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्य आचार्य डॉ. महीधर शुक्ल महाराज ने ‘शिवत्व’ की विस्तृत व्याख्या करते हुए युवाओं को धर्म, संस्कृति और अध्यात्म से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिवत्व केवल एक पूजन विधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक दिव्य कला है।
इस मौके पर पुरुषोत्तम तिवारी, कप्तान तिवारी, नंदकिशोर पांडेय, संत कुमार उपाध्याय, वीरेंद्र पांडेय, लीलाधर मिश्रा, आदेश जैन, राकेश शुक्ला, शिवकुमार दीक्षित, लाल जी पांडेय, अशोक सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Location : Barabanki
Published : 29 May 2025, 10:43 AM IST
Topics : Barabanki religious event Gupteshwar Mahadev Mandir Pran Pratishtha Mahotsav Rudrabhishek at Shiva temple Satish Chandra Sharma
No related posts found.