
बैंक फ्रॉड (Img : pinterest)
Ballia : नगर के बेहद व्यस्त स्टेशन-मालगोदाम रोड स्थित स्टेट बैंक (शाखा सिटी, बलिया) में मंगलवार सुबह एक जालसाज ने KYC कराने के नाम पर एक खाताधारक का मोबाइल लेकर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी ने खाताधारक के खाते से स्टेशन स्थित एटीएम के जरिए 20 हजार रुपये निकाल लिए। वहीं, 40 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करने की कोशिश की गई लेकिन तकनीकी कारणों से ट्रांजेक्शन फेल हो गया और रकम वापस खाते में आ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक शाखा प्रबंधक को मामले से अवगत कराया और अपना खाता बंद कराया। इसके बाद ओकडेनगंज चौकी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सुखपुरा थाना क्षेत्र के बरवा गांव निवासी दीनानाथ वर्मा पुत्र स्वर्गीय उमाशंकर वर्मा मंगलवार सुबह स्टेट बैंक की सिटी शाखा में KYC कराने पहुंचे थे। इसी दौरान बैंक में मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को कर्मचारी बताते हुए KYC कराने की बात कही। खाताधारक ने उसे बैंक कर्मचारी समझकर अपना मोबाइल दे दिया।
पीड़ित के मुताबिक, जालसाज ने KYC प्रक्रिया पूरी करने के बाद YONO ऐप बनाने की बात कही। इसके बाद उसने नया पासबुक बनवाने और मोबाइल में फोटो खींचने के बहाने फोन अपने पास रख लिया। आरोपी ने पीड़ित को रुपये निकालने के लिए लाइन में लगा दिया और इसी दौरान मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया।
बलिया में खूनी हमले के आरोपी का ‘गेम ओवर’; इनामी बाल अपचारी की करतूत से पुलिस भी हैरान
मोबाइल मिलने के बाद आरोपी ने YONO ऐप के जरिए पीड़ित के खाते से 40 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का प्रयास किया, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल हो गया और रकम वापस खाते में आ गई। इसके बाद आरोपी ने स्टेशन स्थित एटीएम से 20 हजार रुपये निकाल लिए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने बैंक अधिकारियों की मदद से अपना खाता बंद कराया और ओकडेनगंज चौकी पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
Location : Ballia
Published : 8 September 2026, 5:45 PM IST
Topics : Ballia News cyber crime KYC Scam UP News YONO App Fraud