हिंदी
दोहरी मौत से सनसनी (Img- Internet)
Ballia: यूपी के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के रानीगंज कस्बे में गुरुवार सुबह दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। करीब नौ बजे स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव कमरे में फंदे से लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रवि गुप्ता (32) पुत्र विजय कुमार गुप्ता निवासी रानीगंज बाजार के रूप में हुई है। युवक अपने कमरे में फंदे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन छानबीन के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध परिस्थितियां नजर आईं, जिसके बाद कमरे और छत की तलाशी ली गई।
जांच के दौरान पुलिस को छत पर रखे एक बक्से में थर्ड जेंडर का शव बरामद हुआ। उसकी पहचान रेखा उर्फ जहांगीर बादशाह (62) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कस्बे में करीब 50 वर्षों से रह रहा था और घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर किराए के मकान में रहता था। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बलिया अग्निकांड: झोपड़ी में बंधे 11 पशु झुलसे, एक की मौत, 10 की हालत गंभीर; जानें ताजा अपडेट
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक और थर्ड जेंडर के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, रेखा उर्फ जहांगीर अपने समूह का प्रमुख था और कार्यक्रमों के लिए थर्ड जेंडरों की बुकिंग करता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी आर्थिक विवाद ने घटना को जन्म दिया।
बैरिया थाना क्षेत्र (Img- Internet)
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार आशंका है कि युवक ने पहले थर्ड जेंडर की हत्या की और शव को बक्से में छिपा दिया। बाद में जब शव को ठिकाने लगाने में सफल नहीं हो सका तो उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
घटना की सूचना मिलते ही बैरिया क्षेत्राधिकारी मोहम्मद फहीम और थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बलिया में देर रात चली गोली, एक आरोपी गिरफ्तार; जानें क्या है पूरा मामला
दोहरी मौत की इस घटना से रानीगंज कस्बे में दहशत और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी।
Location : Ballia
Published : 19 February 2026, 1:12 PM IST
Topics : Ballia News crime news Double Death UP News UP Police