
बलिया कोर्ट (Image: Dynamite News)
Ballia News: बलिया जिले के बैरिया नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार वर्मा उर्फ मंटन वर्मा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एससी/एसटी एक्ट से जुड़े एक मामले में कोर्ट ने उनके समेत 5 आरोपियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट प्रमोद कुमार गंगवार की अदालत ने शिवकुमार वर्मा उर्फ मंटन समेत पांच आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। इसके साथ ही न्यायालय ने कुर्की की कार्रवाई से पहले नोटिस जारी करने का आदेश भी दिया है।
पूरा मामला 25 जून 2023 का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बैरिया नगर पंचायत क्षेत्र के पश्चिम टोला में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। घटना के बाद घायल पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार वर्मा उर्फ मंटन, राजकुमार पासवान, किशोर पासवान समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
शिकायतकर्ता मनोज पासवान निवासी बैरिया दक्षिण टोला की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 147, 323, 504 और 506 के साथ ही दलित उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में लंबे समय से आरोपियों के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के बाद अब अदालत ने कार्रवाई तेज कर दी है।
कोर्ट के आदेश के बाद अब पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई करेगी। बताया जा रहा है कि कुर्की की कार्रवाई से पहले नियमानुसार आरोपियों के घर पर नोटिस चस्पा करने और मुनादी कराने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिलने के बाद उन्होंने न्यायालय का सहारा लिया था। अब कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
Location : Ballia
Published : 27 September 2026, 7:55 PM IST