बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र में फेफना-गड़वार मार्ग पर कार और बाइक की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। हादसे से गांव में शोक की लहर है।

चांदपुर चट्टी के पास दर्दनाक दुर्घटना (Img- Internet)
Ballia: यूपी के बलिया जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। घटना गड़वार थाना क्षेत्र के फेफना-गड़वार मार्ग पर चांदपुर चट्टी के समीप करीब डेढ़ बजे के आसपास हुई।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद जोरदार थी। कार की टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों व्यक्ति दूर जा गिरे। राहगीरों ने जब सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइक और कार को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद कार और बाइक कुछ दूरी पर क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी मिलीं।
आपसी विवाद ने लिया खौफनाक मोड़: बलिया में युवक को मारी गोली, इलाके में मची अफरा-तफरी
पुलिस ने मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार राय (35 वर्ष) पुत्र रामसिंगर राय निवासी पंदह थाना सिकंदरपुर तथा अनंत राय (50 वर्ष) पुत्र अवधेश राय निवासी पंदह थाना सिकंदरपुर, जनपद बलिया के रूप में की है। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से चितबड़ागांव की ओर से फेफना-गड़वार मार्ग होते हुए अपने गांव लौट रहे थे।
बाइक सवारों ने मौके पर तोड़ा दम (Img- Internet)
राहगीरों की सूचना पर गड़वार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उन्हें मर्चरी हाउस में रखवाया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
बलिया में तमंचे गरजे, चाकू चले, अब आरोपी सलाखों के पीछे; पुलिस के एक्शन से बदमाशों में खौफ
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को कारण माना जा रहा है। इस हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।