Bahraich News: पति पर दर्ज हुई हत्या की एफआईआर, जांच में जिंदा मिली पत्नी; प्रेमी के साथ बसा ली नई गृहस्थी

बहराइच के रिसिया क्षेत्र में एक महिला की हत्या का आरोप उसके पति पर लगा था और कोर्ट के आदेश पर मुकदमा भी दर्ज हुआ। पुलिस जांच में महिला जिंदा मिली। वह प्रेमी के साथ हरदोई में रह रही थी और उससे विवाह कर नई गृहस्थी बसा चुकी थी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 June 2026, 2:22 PM IST

Bahraich: बहराइच जिले के रिसिया थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की कथित हत्या का आरोप उसके पति पर लगाया गया था और कोर्ट के आदेश पर उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई थी। हालांकि पुलिस जांच में महिला जिंदा मिली, जिससे पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।

डेढ़ साल पहले पति के साथ पंजाब गई थी महिला

जानकारी के अनुसार कुरुवारी माफी गांव निवासी गुंजाना का विवाह करीब 10 वर्ष पहले रिसिया क्षेत्र के पटना घोसियारी गांव निवासी गणेश के साथ हुआ था। परिवार के भरण-पोषण के लिए दोनों करीब डेढ़ साल पहले पंजाब के कपूरथला में काम करने गए थे। 27 जुलाई 2025 को गुंजाना अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।

मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

पत्नी के लापता होने के बाद गणेश ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। लेकिन लंबे समय तक संपर्क न होने और मोबाइल फोन बंद रहने के कारण महिला के मायके वालों को अनहोनी की आशंका होने लगी। महिला की मां ने दामाद पर बेटी की हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाते हुए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने गणेश के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज कर लिया।

सर्विलांस और लोकेशन से खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पंजाब के कपूरथला पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच के दौरान महिला की लोकेशन हरदोई के सिविल लाइंस क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे खोजकर अपने कब्जे में ले लिया।

राप्ती सागर एक्सप्रेस में बम की अफवाह से ऐशबाग स्टेशन पर हड़कंप

प्रेमी के साथ कर ली दूसरी शादी

पूछताछ के दौरान गुंजाना ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी। उसने अपने प्रेमी के साथ विवाह कर लिया है और उसी के साथ रह रही है। महिला ने स्पष्ट किया कि उसके साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती नहीं हुई थी और उसने अपनी इच्छा से नया जीवन शुरू किया है।

Agra Crime: ‘कोई मेरी पत्नी को ढूंढ़ दो’… पति की गुहार के बीच पांच दिन बाद हुआ चौंकाने वाला खुलासा

न्यायालय में पेश करेगी पुलिस

थाना प्रभारी करुणाकर पांडेय ने बताया कि महिला को बरामद कर लिया गया है। उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला के जीवित मिलने के बाद पति पर दर्ज हत्या के मामले की जांच भी नए सिरे से की जाएगी।

Location :  Bahraich

Published :  16 June 2026, 2:22 PM IST