
कछला गंगा घाट पर खौफनाक हादसा
Budaun: उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा में नहाने पहुंची तीन बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। मौके पर मौजूद नाविक गोताखोरों की तत्परता से दो बच्चियों को सकुशल बचा लिया गया, जबकि एक 12 वर्षीय बच्ची तेज बहाव में बहकर लापता हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के भरतपुर जिले के थाना रूपबास क्षेत्र के गांव दौलतगढ़ निवासी आरती देवी अपने बच्चों और पड़ोस के लोगों के साथ कछला गंगा घाट पर स्नान करने आई थीं। उनके साथ कई अन्य बच्चे भी गंगा में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान तीन बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। बच्चियों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
नदी में समाई बच्ची के शोकाकुल परिजन
शोर सुनते ही घाट पर मौजूद नाविक गोताखोरों ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद काजल और सकीना नाम की दो बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों बच्चियों की जान बचने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। लेकिन 12 वर्षीय इन्द्रा गंगा के तेज बहाव में बह गई और उसका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही कछला चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने निजी गोताखोरों की मदद से लापता बच्ची की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। देर शाम तक गंगा में बच्ची की तलाश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। वहीं, गोताखोरों की टीम ने भी सुबह दोबारा अभियान चलाकर बच्ची की तलाश करने की बात कही है। हादसे के बाद घाट पर सुरक्षा व्यवस्था और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में सावधानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल परिवार को इन्द्रा के मिलने का इंतजार है और पुलिस लगातार खोजबीन में जुटी हुई है।
Location : Budaun
Published : 11 September 2026, 11:02 PM IST