बदायूं में फूला माता मेला विवाद: अनुमति प्राप्त कमेटी बेदखल, ट्रस्ट पर कब्जे के गंभीर आरोप; जानिये क्यों बढ़ रहा तनाव?

बदायूं के उसैहत में फूला माता मेले पर कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। अनुमति प्राप्त कमेटी को हटाकर ट्रस्ट द्वारा संचालन के आरोप लगे हैं। अवैध वसूली, बिजली चोरी और अव्यवस्था पर प्रशासन की चुप्पी सवालों में है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 27 March 2026, 12:21 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उसैहत थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाला प्रसिद्ध फूला माता मंदिर का वार्षिक मेला इस बार बड़े विवाद में घिर गया है। दशकों से शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित होने वाला यह पारंपरिक मेला अब कब्जे और अव्यवस्था के आरोपों के कारण सुर्खियों में है।

अनुमति प्राप्त कमेटी का आरोप

फूला माता मेला विकास एवं व्यवस्था कमेटी का आरोप है कि प्रशासन से विधिवत अनुमति होने के बावजूद उन्हें इस बार आयोजन से बाहर कर दिया गया। कमेटी के पदाधिकारियों का कहना है कि वर्षों से वही इस मेले का संचालन करते आए हैं, लेकिन इस बार एक नवगठित ट्रस्ट ने अचानक मेले पर कब्जा कर लिया।

फीता काटकर 'कब्जा' दिलाने का आरोप

कमेटी ने आरोप लगाया है कि मेला शुरू होने से ठीक पहले दातागंज विधायक और ब्लॉक प्रमुख के पति ने नवगठित ट्रस्ट के पक्ष में फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया और उन्हें आयोजन का नियंत्रण दिला दिया। इसके बाद अधिकृत कमेटी को पूरी तरह किनारे कर दिया गया।

Budaun: एसएसपी और पीड़ित पिता की बंद कमरे में वार्ता, क्या अब बेनकाब होंगे बदायूं के वो बाहुबली? जानें क्या है मामला

शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं

कमेटी का कहना है कि उन्होंने उपजिलाधिकारी और थाना उसैहत में कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जिलाधिकारी और पुलिस को टैग करते हुए मदद मांगी, लेकिन वहां से भी कोई जवाब नहीं मिला।

बिजली चोरी और सुरक्षा पर सवाल

स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने आरोप लगाया कि नवगठित ट्रस्ट ने ट्रांसफॉर्मर से अवैध कनेक्शन लेकर पूरे मेले की बिजली व्यवस्था चलाई। इससे ट्रांसफॉर्मर पर ओवरलोड का खतरा पैदा हो गया और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई। ऊर्जा विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

मेले में अवैध वसूली (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)

अवैध गतिविधियों के आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मेला परिसर में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हुई। नशे में धुत लोगों द्वारा हुड़दंग मचाने की भी शिकायतें सामने आई हैं। इससे महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा दुकान लगाने और बिजली कनेक्शन देने के नाम पर अवैध वसूली के भी आरोप लगे हैं।

प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद न तो अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और न ही अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कोई सख्त कदम उठाया गया। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

बदायूं में मजार के रास्ते पर बवाल: खजूर वाले बाबा की मजार की दीवार गिरी, दो पक्षों में जमकर पथराव, कई घायल

कमेटी की प्रमुख मांगें

फूला माता मेला विकास एवं व्यवस्था कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि मेले का संचालन उन्हें वापस सौंपा जाए। साथ ही अवैध बिजली कनेक्शन हटाकर दोषियों पर कार्रवाई, अवैध शराब बिक्री की जांच और भविष्य के लिए सख्त नियम लागू किए जाएं।

Location : 
  • Budaun

Published : 
  • 27 March 2026, 12:21 PM IST