Budaun News: जलते चूल्हे में बच्चे ने डाल दी पेट्रोल की बोतल, आग की चपेट में आया पिता

बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र के सखानू कस्बे में पेट्रोल की बोतल जलते चूल्हे में डालने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आकर खाना खा रहा 28 वर्षीय अकरम झुलस गया। परिजनों ने आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 19 October 2026, 9:17 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक छोटी-सी लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। अलापुर थाना क्षेत्र के सखानू कस्बे में एक बच्चा खेलते-खेलते पेट्रोल से भरी बोतल जलते चूल्हे में डाल बैठा। बोतल के चूल्हे में गिरते ही आग अचानक भड़क उठी और पास बैठकर खाना खा रहा 28 वर्षीय युवक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और घायल को इलाज के लिए बदायूं जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

खाना खाते समय अचानक आग की चपेट में आया युवक

यह घटना बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र के सखानू कस्बे के वार्ड नंबर तीन की है। झुलसे युवक की पहचान अकरम (28), पुत्र आरिफ हसन, निवासी वार्ड नंबर तीन, सखानू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय अकरम घर में चूल्हे के पास बैठकर खाना खा रहा था। उसकी पत्नी मुस्कान चूल्हे पर खाना बना रही थी। तभी घर में मौजूद उनका छोटा बच्चा पेट्रोल से भरी बोतल उठा लाया। बच्चा खेलते-खेलते बोतल को जलते चूल्हे में डाल बैठा। इसके बाद अचानक आग भड़क गई और पास बैठे अकरम को अपनी चपेट में ले लिया।

सुल्तानपुर में दुर्गापूजा पंडाल के पास दर्दनाक हादसा, बुलेट की टक्कर से मासूम की मौत

पेट्रोल की बोतल चूल्हे में गिरते ही मची अफरा-तफरी

घायल अकरम की पत्नी मुस्कान के मुताबिक, पेट्रोल से भरी बोतल चूल्हे में गिरते ही तेज आग का गोला उठा। आग इतनी तेजी से फैली कि अकरम को संभलने का मौका नहीं मिला और वह झुलस गया। घटना होते ही घर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे में अकरम को कितनी गंभीर चोटें आई हैं, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल उसका बदायूं जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

बलिया में 20 अक्टूबर को होगा ददरी मेले का ध्वज पूजन, इस बार पशु मेला लगने की भी जगी उम्मीद

अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को दी सूचना

घटना के बाद जिला अस्पताल प्रशासन ने पीआई यानी पुलिस सूचना के माध्यम से कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दे दी है। पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े तथ्यों की जांच-पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल युवक का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। इस हादसे ने घरों में पेट्रोल जैसी ज्वलनशील चीजों को बच्चों की पहुंच से दूर रखने की जरूरत को फिर सामने ला दिया है। 

Location :  Budaun

Published :  19 October 2026, 9:12 PM IST