बदायूं में मैगी प्वाइंट पर छात्र की बेरहमी से पिटाई, CCTV में कैद हुई वारदात, परिजनों ने लगाया ये आरोप

बदायूं में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिविल लाइंस क्षेत्र के माझिया रोड स्थित एक मैगी प्वाइंट पर दिनदहाड़े कई युवकों ने एक छात्र को बेल्टों और हाथों के कड़ों से बेरहमी से पीटा। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 2 August 2026, 1:02 AM IST

Budaun: जनपद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के माझिया रोड पर स्थित एक मैगी प्वाइंट पर शुक्रवार को एक छात्र की कई युवकों ने बेल्टों और हाथों के कड़ों से बेरहमी से पिटाई कर दी। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित के पिता का आरोप है कि घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने न तो FIR दर्ज की और न ही घायल का मेडिकल परीक्षण कराया। उल्टा चौकी इंचार्ज जवाहरपुरी पर पक्षपात करने का आरोप लगाया गया है।

क्या है मामला

प्रार्थी रामबहादुर सिंह, निवासी मोहल्ला सुंदर नगर, बाबा कॉलोनी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका बेटा शिवम प्रताप सिंह, 31 जुलाई 2026 को शाम करीब 5 बजे HP स्कूल के पास चाय की दुकान पर अकेला बैठा था। इसी दौरान शौये शाक्य निवासी शिवपुरम गली नंबर 3, आयुष यादव निवासी नेकपुर, अंश शर्मा निवासी शिवपुरम गली नंबर 4, आदित्य शर्मा निवासी शिवपुरम गली नंबर 2, रोहित यादव उर्फ डी.पी. निवासी कुलचौरा और वंश यादव निवासी मंडी समिति समेत कई लोग वहां पहुंचे।

आरोप है कि बिना किसी बात के इन लोगों ने शिवम पर हमला कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने बेल्टों और हाथों में पहने कड़ों से सिर, पीठ, पेट और पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

रामबहादुर सिंह का कहना है कि उनका बेटा सीधा-साधा और पढ़ने वाला छात्र है। उसका पहले कभी किसी से कोई झगड़ा नहीं हुआ। "बिना वजह मेरे बेटे को मारा गया। मुझे डर है कि ये लोग दोबारा हमला न कर दें। मेरे बेटे की जान-माल को खतरा है" - रामबहादुर ने पत्र में लिखा।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना जिस मैगी प्वाइंट पर हुई वहां CCTV कैमरा लगा है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि फुटेज में मारपीट की पूरी वारदात स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। इसके बावजूद पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

पुलिस पर लापरवाही के आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बाद भी चौकी इंचार्ज जवाहरपुरी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। न घायल का मेडिकल कराया गया, न ही मुकदमा दर्ज हुआ। पीड़ित पिता ने इसे जानबूझकर की जा रही लापरवाही और पक्षपात बताया है।

युवा, रोजगार, राम मंदिर से लेकर गोरखपुर तक… बदायूं में अखिलेश यादव के कई बड़े वार

पीड़ित के परिजनों की मांग

रामबहादुर सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि CCTV फुटेज के आधार पर घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने बेटे की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।

शिवभक्तों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा, बदायूं में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस का बड़ा सुरक्षा प्लान तैयार

इस संबंध में थाना सिविल लाइंस और चौकी जवाहरपुरी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान नहीं मिल सका। फिलहाल क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा है और लोग CCTV फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Location :  Budaun

Published :  2 August 2026, 12:59 AM IST