दूसरी महिला से पति की नजदीकी का विरोध, पत्नी की संदिग्ध हालत में मौत

बदायूं में 8 साल पहले हुई लव मैरिज के बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पति के कथित प्रेम प्रसंग के विरोध के बाद जहर खाने की बात सामने आई, पुलिस जांच कर रही है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 27 September 2026, 4:42 PM IST
google-preferred

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। सदर कोतवाली क्षेत्र में 8 साल पहले हुई लव मैरिज के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। आरोप है कि पति के दूसरी महिला से कथित प्रेम प्रसंग का विरोध करने के बाद पत्नी ने विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

8 साल पहले हुई थी लव मैरिज

जानकारी के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबूलपुरा गौटिया निवासी फुरकान पुत्र अंसार की शादी मोहल्ला जालंधरी सराय निवासी नासिर की 26 वर्षीय बेटी महजबीन से हुई थी।

बताया जा रहा है कि दोनों की शादी करीब 8 साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के बाद महजबीन ने एक बेटे को जन्म दिया।

पति के कथित प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद

परिजनों के मुताबिक, फुरकान पेंट का काम करने के लिए कोल्हापुर जाता था। इस दौरान महजबीन अक्सर अपने मायके में रहती थी। आरोप है कि इसी बीच फुरकान की किसी दूसरी महिला से नजदीकियां बढ़ गईं।

बताया गया कि पति द्वारा दूसरी महिला से बातचीत करने का पत्नी विरोध करती थी, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मामले की जानकारी मायके पक्ष को भी थी और पहले भी बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश की गई थी।

इलाज के दौरान हुई मौत

परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद महजबीन ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पति उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा।

गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मायके वालों ने लगाए आरोप, पुलिस जांच में जुटी

मौत की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और ससुराल वालों पर जबरन विषाक्त पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  27 September 2026, 4:42 PM IST

Related News

Advertisement