Badaun: गश्त लगा रहे सब इंस्पेक्टर की बनी आखिरी रात, कार ने रौंदा, कांस्टेबल गंभीर

बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान कार की टक्कर से घायल सब इंस्पेक्टर देवराज सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश शुरू कर दी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 13 June 2026, 2:21 PM IST
google-preferred

Badaun : बदायूं के थाना बिसौली क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल सब इंस्पेक्टर देवराज सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में कांस्टेबल अमित कुमार भी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।

कार और बाइक की हुई जोरदार टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को देर रात सब इंस्पेक्टर देवराज और कांस्टेबल अमित बाइक से गश्त पर थे। बिसौली थाना क्षेत्र के रानेट पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों पुलिसकर्मी उछलकर सड़क पर जा गिरे। 

घायलों को तुरंत भेजा अस्पताल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले बिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। एसआई देवराज की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं कांस्टेबल अमित का इलाज बदायूं के जिला अस्पताल में चल रहा है। 

Badaun News: गोली की आवाज से कांप उठा गांव, मामूली कहासुनी के बाद युवक ने अधेड़ को मारी गोली

आरोपी की तलाश जारी

मुरादाबाद अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार की सुबह सब इंस्पेक्टर देवराज ने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। एसएसपी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि दोषी कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जांच में जुटी पुलिस

चश्मदीदों के अनुसार कार चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हादसे के बाद से क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।  शहीद सब इंस्पेक्टर देवराज सिंह मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले थे। उनका पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।

Location :  Badaun

Published :  13 June 2026, 2:21 PM IST

Advertisement