हिंदी
अयोध्या: राम मंदिर ठगी(img: symbolic)
Ayodhya: रामनगरी अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को ठगी का शिकार बनाने का एक मामला सामने आया है। ओडिशा के कटक से आईं एक महिला श्रद्धालु ने होटल संचालक पर दर्शन पास के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है। खास बात यह है कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा यह पास पूरी तरह नि:शुल्क जारी किए जाते हैं, लेकिन होटल संचालक ने इसके बदले 2000 रुपये ऐंठ लिए।
जानकारी के अनुसार, कटक की रहने वाली देबास्मिता राउत अयोध्याधाम के छोटी देवकाली चौराहे के पास एक होटल में ठहरी थीं। उन्होंने 25 अप्रैल के लिए राम मंदिर दर्शन का सामान्य पास होटल संचालक के माध्यम से बनवाया था। जब पास उनके हाथ में आया, तो उस पर 'निश्शुल्क' (Free) लिखा देख उनके होश उड़ गए।
देबास्मिता का आरोप है कि होटल संचालक ने दो लोगों के पास के नाम पर उनसे 2000 रुपये वसूल लिए थे। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।
ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित महिला ने 27 अप्रैल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर अपना दर्द साझा किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी पुलिस और डीजीपी को टैग करते हुए भुगतान के स्क्रीनशॉट पोस्ट किए हैं। महिला ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
Location : Ayodhya
Published : 30 April 2026, 5:35 AM IST
Topics : Ayodhya CM Yogi Odisha Ram Mandir UP Police