हिंदी
सपा जिलाध्यक्ष ने डीएम के सामने रखी ये मांग (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Auraiya: अम्बेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां जनपद में उत्साहपूर्वक जारी हैं। इसी क्रम में शोभायात्राओं और जयंती आयोजनों की अनुमति को लेकर उठे सवालों पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक संवाद की दिशा में पहल हुई है।
जानकारी के अनुसार कुछ स्थानों पर शोभायात्रा और सार्वजनिक कार्यक्रमों की अनुमति को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने सोमवार को ककोर स्थित मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने मांग की कि पूरे जनपद के लिए एक समान और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि सभी स्थानों पर बिना किसी भेदभाव के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर के प्रति आस्था रखने वाले लाखों लोगों के लिए यह दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में सभी को शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण ढंग से शोभायात्राएं निकालने और जयंती मनाने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए सभी आयोजनों को अनुमति प्रदान की जाए।
औरैया में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, चेकिंग अभियान में 5 वाहन सीज; पढ़ें पूरी खबर
इस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि सभी पक्षों की भावनाओं का सम्मान करते हुए एक संतुलित और व्यावहारिक समाधान निकाला जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।
औरैया में एसीबी का बड़ा एक्शन, JE और लाइनमैन रिश्वत लेते गिरफ्तार
जनपद में इस पहल के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आपसी सहयोग और संवाद के माध्यम से सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित होंगे और डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पूरे सम्मान और उत्साह के साथ मनाई जाएगी।
Location : Auraiya
Published : 13 April 2026, 6:57 PM IST
Topics : Auraiya District President DM memorandum Samajwadi Party