‘अखिलेश भैय्या का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान’ के नारों से गूंजा मेरठ, अतुल प्रधान ने हटवाया होर्डिंग

मेरठ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। नाराज सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 'अखिलेश भैय्या का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान' के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। सरधना विधायक अतुल प्रधान कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और पोस्टर हटवाए।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 26 August 2026, 6:16 PM IST
google-preferred

Meerut : 'अखिलेश भैय्या का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान' जैसे नारों के साथ बुधवार को मेरठ में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ मेरठ समेत कई जिलों में विवादित पोस्टर लगाए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने 'कायर लोग कहां मिलेंगे BJP के दफ्तर में' जैसे नारे भी लगाए। वहीं सरधना विधायक अतुल प्रधान कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और विवादित होर्डिंग हटवाते हुए इसे राजनीतिक माहौल खराब करने की कोशिश बताया।

अखिलेश यादव के पोस्टर को लेकर मेरठ में गरमाई सियासत

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में मेरठ साउथ स्टेशन के पास दिल्ली रोड किनारे अखिलेश यादव की तस्वीर वाले विवादित पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टरों में आपत्तिजनक और जातिगत टिप्पणी वाले नारे लिखे होने का आरोप लगाया गया। जैसे ही सपा कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिली, बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सपा नेताओं का आरोप है कि जानबूझकर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की छवि खराब करने और शहर का माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से इस तरह के पोस्टर लगाए गए हैं। उन्होंने प्रशासन से पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

अतुल प्रधान कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे मौके पर

विवादित पोस्टर की जानकारी मिलने के बाद सरधना विधायक अतुल प्रधान सपा कार्यकर्ताओं के साथ मेरठ साउथ स्टेशन पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पोस्टर हटवाए और पूरे मामले पर नाराजगी जताई।

अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की पोस्टरबाजी की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी नेता के खिलाफ जातिगत और आपत्तिजनक टिप्पणी करना गलत है।

ट्रक और पोल की मदद से हटाया गया होर्डिंग

सड़क किनारे लगाया गया होर्डिंग काफी ऊंचाई पर था, जिसे हटाने के लिए कार्यकर्ताओं ने ट्रक और पोल का सहारा लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पोस्टर को फाड़कर वहां से हटा दिया।

इस दौरान मौके पर मौजूद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। 'अखिलेश भैय्या का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान' और 'कायर लोग कहां मिलेंगे BJP के दफ्तर में' जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

Location :  Meerut

Published :  26 August 2026, 6:10 PM IST

Related News

Advertisement