
आरोपी गिरफ्तार (Img : pinterest)
Gorakhpur : जिले के कैंट थाना क्षेत्र में कचहरी परिसर के बाहर हुई मारपीट की घटना ने मौके पर अफरा-तफरी मचा दी। तारीख पर पेशी के लिए आए एक वृद्ध पर परिचित युवक ने अचानक बेल्ट से हमला कर दिया। हमले में वृद्ध घायल हो गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बेल्ट भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, घटना 6 जुलाई की है। वादी के पिता तारीख पर पेश होने के लिए कचहरी आए थे। इसी दौरान पहले से परिचित आरोपी मदन सिंह ने उन पर अचानक बेल्ट से हमला कर दिया। हमला होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल वृद्ध को उपचार के लिए भेजा गया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
गोरखपुर में बदमाशों का आतंक : दुकान खोलते समय लूट, शोर मचाते रह गए दंपति
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में आरोपी की तलाश शुरू की गई। चौकी प्रभारी कलेक्ट्रेट उपनिरीक्षक घनश्याम उपाध्याय और उनकी टीम ने आरोपी मदन सिंह पुत्र स्वर्गीय रामप्रताप सिंह, निवासी नंदानगर दरगहिया, थाना एम्स, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट बरामद कर उसे साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक घनश्याम उपाध्याय और आरक्षी जान सिंह शामिल रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 8 July 2026, 5:10 AM IST