अमेठी में बदमाशों ने बारात को बनाया निशाना: दूल्हे के पिता से सरेआम लूट, सीसीटीवी की जांच में जुटी पुलिस

अमेठी में शादी समारोह के दौरान दूल्हे के पिता से एक लाख रुपये से भरा बैग बाइक सवार बदमाश छीनकर फरार हो गए। घटना अमर मैरिज लान के पास हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 February 2026, 11:45 AM IST

Amethi: अमेठी में बीती रात एक शादी समारोह के दौरान सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां जश्न के बीच बाइक सवार बदमाशों ने दूल्हे के पिता से पैसों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस घटना से शादी स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वे आस-पास के CCTV कैमरों की फुटेज देख रहे हैं।

मैरिज लॉन के पास हुई घटना

गौरतलब है कि यह घटना अमेठी शहर के अमर मैरिज लॉन के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, संग्रामपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर करनाईपुर गांव के रहने वाले और पूर्व सरकारी वकील रंगनाथ मिश्रा के बेटे दीपक मिश्रा की बारात अमर मैरिज लॉन में आई थी। दीपक मिश्रा अभी तेलंगाना में गृह मंत्रालय में स्टैटिस्टिकल ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। जबकि, दुल्हन निवेदिता, अंबिका तिवारी की बेटी है और टेंघा गांव की रहने वाली हैं।

बीती रात करीब 10 बजे कटरा राजा हिम्मत सिंह से ककवा रोड पर बड़ी धूमधाम से बारात निकली। इसी बीच एक युवक अचानक भीड़ में घुस आया और दूल्हे के पिता रंगनाथ मिश्रा से बैग छीनकर भागने लगा। उसके दो साथी कुछ दूरी पर पहले से ही बाइक पर इंतजार कर रहे थे। तीनों आरोपी मौके से भाग गए।

फतेहपुर में मामूली विवाद पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, इलाके में दहशत; जांच में जुटी पुलिस

पकड़ में नहीं आए आरोपी

रंगनाथ मिश्रा ने बताया कि बैग में करीब एक लाख रुपये थे। जैसे ही युवक बैग लेकर भागा, उन्होंने कुछ दूर तक उसका पीछा किया, लेकिन वह अपने साथियों के साथ बाइक से भाग निकला। घटना के तुरंत बाद अमेठी थाने की पुलिस को सूचना दी गई। सीओ समेत लोकल पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।

पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

अमेठी थाने के इंचार्ज रवि सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, हालांकि अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस टीम आरोपियों की पहचान के लिए आस-पास के CCTV कैमरे की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर केस सुलझा लिया जाएगा।

खजनी नेत्र ऑपरेशन कांड से सियासत गरम: अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा, स्वास्थ्य विभाग की ताबड़तोड़ जांच शुरू

शादी के जश्न में रुकावट

इस घटना से शादी की खुशी फीकी पड़ गई और बारात में शामिल लोगों में घबराहट फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भीड़भाड़ वाले इवेंट्स में सिक्योरिटी बढ़ानी चाहिए। पुलिस अभी जांच कर रही है और जल्द कार्रवाई का भरोसा दे रही है।

Location : 
  • Amethi

Published : 
  • 20 February 2026, 11:45 AM IST