
अवैध वसूली के आरोप
Budaun : जिला महिला अस्पताल एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है। इस बार मामला प्रसव कराने आने वाली महिलाओं और उनके तीमारदारों से कथित अवैध वसूली का है। अस्पताल में भर्ती महिलाओं के परिजनों ने स्टाफ पर डिलीवरी के नाम पर पैसे मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला उस समय खुलकर सामने आया जब बरेली मंडल के एडी हेल्थ अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक, एडी हेल्थ डॉ. तेजपाल अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर बाहर निकल रहे थे। तभी वहां मौजूद प्रसूताओं और उनके परिजनों ने उन्हें घेर लिया और अस्पताल स्टाफ की शिकायत शुरू कर दी। लोगों का आरोप था कि डिलीवरी के बाद बधाई और अन्य सुविधाओं के नाम पर जबरन रुपये मांगे जाते हैं।
तीमारदारों ने बताया कि सामान्य डिलीवरी के लिए 1 हजार रुपये से लेकर 5 हजार रुपये तक की मांग की जाती है। उनका कहना है कि अगर कोई पैसा देने से मना करता है तो मरीज की देखभाल में लापरवाही की जाती है और परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है।
बदायूं में ऐसा क्या हुआ कि अचानक बढ़ गया तनाव? पुलिस की सख्ती ने पलटा पूरा माहौल
परिजनों का कहना है कि सरकार की ओर से सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज और बेहतर सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। लोगों का आरोप है कि अस्पताल में आर्थिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है। मजबूर होकर उन्हें सीधे एडी हेल्थ से शिकायत करनी पड़ी।
गौरतलब है कि जिला महिला अस्पताल में अवैध वसूली के आरोप कोई नए नहीं हैं। इससे पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। सोशल मीडिया पर अस्पताल से जुड़े वीडियो भी वायरल हो चुके हैं, जिनमें स्टाफ पर पैसे लेने के आरोप लगे थे। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन पर व्यवस्था सुधारने में नाकाम रहने के आरोप लगते रहे हैं।
अब इस पूरे मामले में लोगों की निगाहें एडी हेल्थ की कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यह है कि शिकायत सामने आने के बाद दोषी कर्मचारियों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाएंगे। हालांकि इस मामले में एडी हेल्थ डॉ. तेजपाल से संपर्क करने की कोशिश की गई। उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।
Location : Budaun
Published : 8 May 2026, 2:05 AM IST