

उत्तर प्रदेश की सियासत में अभी विधानसभा चुनाव दूर है, लेकिन राजनीतिक बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप की जंग ने अभी से जोर पकड़ लिया है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
सपा प्रमुख अखिलेश यादव
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में अभी विधानसभा चुनाव दूर है, लेकिन राजनीतिक बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप की जंग ने अभी से जोर पकड़ लिया है। लखनऊ में एक प्रेसवार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले बोले और 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, अखिलेश यादव ने हाल ही में प्रदेश में मचे शिक्षक भर्ती आंदोलन और स्कूलों को बंद करने की प्रक्रिया पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को खत्म करने की साजिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षकों के ट्रांसफर के नाम पर पांच लाख रुपये तक की रिश्वत ली जा रही है, जबकि स्कूलों में शिक्षकों के लिए मूलभूत सुविधाएं भी नहीं हैं। डिजिटल अटेंडेंस सिस्टम को भी उन्होंने अव्यवहारिक करार देते हुए इसे तुरंत समाप्त करने की मांग की।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर करीब दो लाख शिक्षकों की भर्ती नहीं कर रही ताकि स्कूलों के विलय के बाद पदों को खत्म किया जा सके। उन्होंने समाजवादी सरकार के समय की "विद्या धन" और "लैपटॉप योजना" को याद करते हुए भाजपा पर बच्चों की शिक्षा छीनने का आरोप लगाया।
अखिलेश ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि योगी सरकार भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है। उन्होंने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को अपनी सरकार की उपलब्धि बताया और कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को भाजपा ने घटिया स्तर पर बनाया। साथ ही उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे और स्टाम्प रजिस्ट्रेशन विभाग में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
उन्होंने मीडिया सलाहकारों और अफसरों के "जमीनी लेन-देन" का जिक्र करते हुए D-कंपनी का नाम लिया, जिससे सत्ता के पीछे के छिपे गठजोड़ पर सवाल उठने लगे।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा की नीतियों ने महंगाई और बेरोजगारी को चरम पर पहुंचा दिया है। आरक्षण नीति की अनदेखी और निजीकरण के चलते नौकरियां खत्म हो रही हैं। बिजली संकट पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार उत्पादन नहीं बढ़ा पा रही और जनता को महंगे बिल थमा रही है। सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी बिजली बिल आधा करेगी।
अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों—लखनऊ मेट्रो, 108 एम्बुलेंस, 1090 महिला हेल्पलाइन—का जिक्र करते हुए जनता से भाजपा की नाकामियों को पहचानने और 2027 में बदलाव लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब जनता जाग चुकी है और बदलाव दूर नहीं है।