
डिंपल और अखिलेश यादव की शादी की 27वीं वर्षगांठ (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
New Delhi: भारतीय लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर संसद (Parliament) में एक साथ दो खास चेहरों का नजर आना हर किसी का ध्यान खींचता है। 18वीं लोकसभा और देश की जनता भी इस अनोखे पल की साक्षी बनते हैं और संसद में इस जोड़े को निहारते हैं। हम बात कर रहे हैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा सांसद डिंपल यादव (Akhilesh Yadav and Dimple Yadav) की। डिंपल और अखिलेश मौजूदा संसद में एकमात्र ऐसी जोड़ी हैं, जो इस गरिमामयी सदन में एक साथ पहुंची और एक साथ मौजूद नजर आते हैं।
आज से ठीक 27 साल पहले... 24 नवंबर 1999 को अखिलेश और डिंपल का जीवन भर के लिए मिलन हुआ था और दोनों विवाह के बंधन में बंधे थे। उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि एक दिन यह जोड़ी न केवल भारतीय राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाएंगे बल्कि एक आदर्श कपल के रूप में भी देश भर में इनकी चर्चा होगी।
आज 24 नवंबर को अखिलेश और डिंपल की शादी की 27वीं सालगिरह (Wedding Anniversary of Dimple and Akhilesh Yadav) है।
इस खास मौके पर आइए जानते हैं इस जोड़ी के सफर से जुड़ी कुछ अहम बातें- कैसे दोनों के प्रेम की शुरुआत हुई और साथ चलते-चलते 27 वर्षों का लंबा दौर इन्होंने कैसे तय किया। दोनों का यह यह सफर हमेशा आसान नहीं रहा। शुरुआती दौर पढ़ाई-लिखाई का था, जब दोनों की मुलाकात हुई, बातें आगे बढ़ीं और दोनों ने जीवन भर साथ रहने का फैसला कर लिया।
अखिलेश यादव जहां एक राजनीतिक परिवार से आते हैं, वहीं डिंपल सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़ी हैं। अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) वरिष्ठ राजनेता रहे, जो देश के रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे। वहीं डिंपल के पिता आरसीएस रावत भारतीय सेना में कर्नल रहे।
डिंपल ने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीकॉम की पढ़ाई की, जबकि अखिलेश ने मैसूर विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग में स्नातक और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया के सिडनी विश्वविद्यालय से पर्यावरण इंजीनियरिंग में मास्टर्स डिग्री प्राप्त की। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बीच शायद अखिलेश ने भी यह नहीं सोचा होगा कि वे राजनीति में कदम रखेंगे, लेकिन पारिवारिक माहौल ने दिशा बदल दी।
देखिए, देश के लोकप्रिय मीडिया समूह डाइनामाइट न्यूज़ द्वारा दो वर्ष पूर्व डिंपल यादव एवं अखिलेश यादव के विवाह की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर तैयार की गई यह विशेष क्लिपिंग
@samajwadiparty @mediacellsp @yadavakhilesh @dimpleyadav #AkhileshYadav #DimpleYadav #WeddingAnniversary #DynamiteNews
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) November 24, 2026
शादी के कुछ समय बाद ही अखिलेश यादव की राजनीति में एंट्री हुई। वर्ष 2000 में कन्नौज लोकसभा सीट के उपचुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की। उस वक्त लोगों ने इसे 'लेडी लक' भी कहा, लेकिन आगे चलकर अपनी मेहनत, निरंतरता और सक्रियता के दम पर उन्होंने अपनी अलग जगह बनाई। आज देश की राजनीति में अखिलेश यादव एक प्रमुख चेहरा हैं और उनकी पार्टी समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनावों के बाद देश की तीसरी बड़ी पार्टी के रूप में सामने आई। अपने राजनीतिक सफर में वे 5 बार लोकसभा सांसद, 1-1 बार विधायक और विधान परिषद सदस्य चुने गए तथा 39 वर्ष की आयु में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने और 5 वर्षों तक पद पर रहे।
अखिलेश-डिंपल के बेमिसाल साथ और संघर्ष की दास्तान (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
अखिलेश जब राजनीतिक जिम्मेदारियों में व्यस्त रहते थे, तब डिंपल घर-परिवार की जिम्मेदारियों को संभालते हुए अपने तीनों बच्चों- बेटियों अदिति और टीना तथा बेटे अर्जुन की परवरिश में सक्रिय रहीं।
हर जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं और यह जोड़ी भी इससे अलग नहीं रही। चाहे 2012 में मुख्यमंत्री बनने का दौर हो या 2016 की पारिवारिक चुनौतियां, दोनों ने हर स्थिति में एक-दूसरे का साथ निभाया।
पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच डिंपल को भी राजनीति के मैदान में उतरना पड़ा। यह राह उनके लिए आसान नहीं थी। जब पार्टी मुश्किल दौर से गुजर रही थी और कई नेता दूर जा रहे थे, तब उन्होंने कमान संभाली। 2009 में फिरोजाबाद लोकसभा उपचुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस अनुभव ने उन्हें और मजबूत किया। इसके बाद उन्होंने 2012 में कन्नौज उपचुनाव जीता और फिर 2014, 2022 तथा 2024 के लोकसभा चुनावों में जीत हासिल की।
संसदीय जीवन में डिंपल ने अपनी अलग छवि बनाई है। शुरुआती दौर से ही वे महिला और बाल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मुखर रही हैं।
अखिलेश और डिंपल यादव की शादी के 27 साल पूरे (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
भारतीय राजनीति के क्षितिज पर हमेशा चमकने वाले और नेताजी तथा धरतीपुत्र के नाम से विख्यात मुलायम सिंह यादव का अक्टूबर 2022 में निधन हो गया। पिता के जाने के उस भावुक और कठिन समय में परिवार के बीच डिंपल ने संभालने की भूमिका निभाई।
भारतीय एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला के घर पहुंचे अखिलेश और डिंपल, परिजनों को दी बधाई
एक ओर डिंपल अपनी सादगी और सौम्यता के लिए पहचानी जाती हैं, वहीं दूसरी ओर अखिलेश अपने बेबाक अंदाज, हाजिरजवाबी और मजबूत इरादों के लिए जाने जाते हैं।
लंबे वैवाहिक सफर और आपसी तालमेल के कारण कई लोग इस जोड़ी को एक आदर्श दंपत्ति के रूप में देखते हैं।
शुभकामनाएं: शादी की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर अखिलेश यादव और डिंपल यादव को ढेरों शुभकामनाएं और बधाई, तथा आगे के जीवन के लिए मंगलकामनाएं।
Location : New Delhi
Published : 24 November 2026, 12:15 PM IST
Topics : 27th Wedding Anniversary Akhilesh Dimple Wedding Anniversary Akhilesh Yadav Dimple Yadav Samajwadi Party