Akhilesh Yadav Birthday: राजनीति के ‘यूथ आइकन’ अखिलेश यादव जानिए कैसे पहुंचे भारतीय राजनीति के शीर्ष पर

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अलग ही मुकाम रखने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज यानी 1 जुलाई 2025 को अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 July 2025, 8:02 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अलग ही मुकाम रखने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज यानी 1 जुलाई 2025 को अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। राजनीति में आधुनिक सोच, तकनीकी अपनापन और युवा नेतृत्व के प्रतीक बन चुके अखिलेश यादव का यह जन्मदिन सिर्फ एक व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि उनके समर्थकों के लिए एक प्रेरणादायी दिन बन चुका है।

जनकल्याण को समर्पित जन्मदिन समारोह

अखिलेश यादव पहले ही अपने समर्थकों से अपील कर चुके हैं कि वे उन्हें फूलों का गुलदस्ता या उपहार न दें, बल्कि समाज के हित में कोई रचनात्मक कार्य करें। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए सपा नेता डॉ. सिंधुजीत सिंह के नेतृत्व में गौरिगंज में आज एक जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसके साथ ही राज्य भर में सपा कार्यकर्ता रक्तदान शिविर, पौधारोपण और सफाई अभियानों के ज़रिए नेता के जन्मदिन को सार्थक बना रहे हैं।

शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि

अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। वे देश के बड़े समाजवादी नेता और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और मालती देवी के पुत्र हैं।
उन्होंने सैफई के सेंट मैरी स्कूल और धौलपुर मिलिट्री स्कूल, राजस्थान से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने मैसूर विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन और ऑस्ट्रेलिया की सिडनी यूनिवर्सिटी से पर्यावरण इंजीनियरिंग में मास्टर्स किया।

सपा प्रमुख का निजी जीवन

1999 में अखिलेश यादव की शादी डिंपल यादव से हुई। उनके तीन बच्चे हैं – दो बेटियां अदिति और टीना, और एक बेटा अर्जुन। राजनीति के अलावा वे परिवार के बेहद करीब रहने वाले, सरल और सौम्य व्यक्तित्व के नेता माने जाते हैं।

राजनीतिक सफर: सबसे युवा मुख्यमंत्री से लोकसभा जीत तक

अखिलेश यादव का राजनीतिक जीवन बेहद प्रेरक रहा है। 1999 में कन्नौज लोकसभा सीट से सांसद बने। इसके बाद लगातार तीन बार सांसद रहे। 2012 में समाजवादी पार्टी की कमान संभाली और यूपी के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने। 2017 में सत्ता गंवानी पड़ी, पर राजनीतिक सक्रियता और सामाजिक मुद्दों पर उनका नेतृत्व जारी रहा। 2022 में पहली बार विधायक बने, उन्होंने केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह बघेल को हराया। 2024 लोकसभा चुनाव में अखिलेश ने कन्नौज सीट से एक बार फिर वापसी की और बीजेपी के सुभ्रत पाठक को शिकस्त दी।

इंडिया गठबंधन की कामयाबी

2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के साथ मिलकर बने INDIA गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया। यूपी की 80 सीटों में से 37 सीटें समाजवादी पार्टी ने जीतकर खुद को राज्य की प्रमुख विपक्षी ताकत साबित किया।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 1 July 2025, 8:02 PM IST