हिंदी
शुभांशु शुक्ला के घर पहुंचे अखिलेश और डिंपल
Lucknow News: Axiom Mission-4 के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर पहुंचे भारतीय एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक उपलब्धि पर देशभर में गर्व और उत्सव का माहौल है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, इसी क्रम में शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कन्नौज सांसद डिंपल यादव लखनऊ स्थित शुभांशु के आवास पर पहुंचे और उनके परिवार से मुलाकात की।
“शुभांशु ने भारत का नाम रोशन किया”
अखिलेश यादव ने शुभांशु की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा शुभांशु ने न केवल लखनऊ बल्कि पूरे भारत का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगी। डिंपल यादव ने भी शुभकामनाएं दीं और परिवार के जज्बे की सराहना की।
बचपन से होनहार था बेटा
परिजनों के साथ बातचीत के दौरान अखिलेश और डिंपल यादव ने शुभांशु के बचपन, शिक्षा, ट्रेनिंग और मिशन से जुड़ी बातें जानीं। पिता शंभू दयाल शुक्ला ने बताया कि शुभांशु शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और जिज्ञासु रहे हैं। उन्होंने कहा अखिलेश जी ने आकर हमारे बेटे को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं, यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है।
राजनीतिक हस्तियों की भीड़
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी शुभांशु के परिवार से मुलाकात कर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं भी शुभांशु से बात कर चुके हैं। यह दिखाता है कि यह उपलब्धि राजनीतिक सीमाओं से परे पूरे देश की भावना को जोड़ने वाली है।
फिर अंतरिक्ष में 41 साल बाद भारतीय
1984 में राकेश शर्मा के बाद शुभांशु शुक्ला ऐसे दूसरे भारतीय हैं जो अंतरिक्ष में गए हैं। वे पहले भारतीय हैं जो अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक पहुंचे हैं। Axiom Mission-4 के लिए उन्हें भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन के तौर पर चुना गया था। यह मिशन भारत और अमेरिका की स्पेस एजेंसियों ISRO और NASA के बीच साझेदारी का परिणाम है।
गगनयान मिशन में आएगा अनुभव काम
शुभांशु का यह मिशन केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि भारत के भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों, खासकर गगनयान मिशन के लिए भी एक मील का पत्थर साबित होगा। गगनयान मिशन, भारत का पहला मानव अंतरिक्ष मिशन है, जिसमें भारतीय गगनयात्रियों को पृथ्वी की निचली कक्षा में भेजने की योजना है। इसकी लॉन्चिंग 2027 तक प्रस्तावित है।
Location : Lucknow News
Published : 29 June 2025, 7:50 PM IST