
दीपिका नागर की फाइल फोटो (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। शादी के सिर्फ 14 महीने बाद दीपिका नागर की मौत ऐसी परिस्थितियों में हुई, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मायकेवालों का आरोप है कि दहेज के लालच में उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया गया और आखिरकार उसकी हत्या कर दी गई। वहीं पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पढ़ाई में टॉपर थी दीपिका, शादी के बाद बदल गई जिंदगी
कुड़ी खेड़ा गांव निवासी संजय नागर की बेटी दीपिका पढ़ाई में बेहद होशियार थी। उसने बीए और बीएड की पढ़ाई पूरी की थी और परिवार को उस पर गर्व था। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव निवासी मनोज के बेटे ऋतिक से हुई थी। परिवार को उम्मीद थी कि बेटी की जिंदगी खुशहाल होगी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही हालात बदलने लगे। मायके पक्ष का आरोप है कि दीपिका पर लगातार अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जा रहा था।
स्कॉर्पियो देने के बाद भी नहीं थमा लालच
परिजनों का दावा है कि शादी में उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था। आरोप है कि स्कॉर्पियो गाड़ी, करीब 50 लाख रुपये का सोना और लगभग 1 करोड़ रुपये का दहेज दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। मायकेवालों का कहना है कि बाद में फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये नकद की मांग की जाने लगी। दीपिका को इसके लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का आरोप है कि इसी लालच ने उनकी बेटी की जान ले ली।
पुलिस ने पति और ससुर को किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 17 मई की रात दीपिका ने दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर छत से छलांग लगा दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Noida
Published : 18 May 2026, 10:48 AM IST