महाशिवरात्रि पर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने इटहिया शिव मंदिर में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए महराजगंज प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसरों और मेला स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और जनसुविधाओं को लेकर कड़े निर्देश दिए।

महराजगंज: महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जनपद महराजगंज में प्रशासन और पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने संयुक्त रूप से इटहिया शिव मंदिर परिसर का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों को निर्देश

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर की साफ-सफाई, दर्शन मार्गों की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, अस्थायी दुकानों की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, अग्निशमन प्रबंध तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार

पुलिस अधीक्षक ने मौके पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता बनाए रखने, श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करने तथा भीड़ नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश और निकास मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के आदेश भी दिए, ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की अफरा-तफरी न हो।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शेयर किया केदारेश्वर मंदिर का मनमोहन वीडियो, देखिए मंदिर में भक्तों की आस्था

कटहरा शिव मंदिर पर भी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित कटहरा शिव मंदिर पर भी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। यहां यातायात नियंत्रण, पिकेट ड्यूटी और सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।

गोरखपुर: नीलकंठ महादेव मंदिर उनवल…आस्था का अनुपम केंद्र, जहां मुरादें पूरी होती हैं और पर्यावरण संरक्षण की नई मिसाल बनी

प्रशासन द्वारा महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और होमगार्ड की तैनाती की गई है। साथ ही प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक डायवर्जन प्लान, खोया-पाया केंद्र, एम्बुलेंस सेवा और अग्निशमन दल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों का पालन करें, अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 15 February 2026, 3:18 PM IST

Advertisement
Advertisement