
आरोपी
Gorakhpur : शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। दुकान का शटर तोड़कर नकदी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 27 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 12 जून की रात कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक दुकान को निशाना बनाया गया था। अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर दुकानदार के होश उड़ गए। पीड़ित ने तत्काल थाना कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली ने एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों की गतिविधियों, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गोरखपुर से सामने आई कड़वी सच्चाई, क्या अभी भी नाबालिगों से करवाई जा रही है मजदूरी?
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरवाज खान पुत्र शमशाद खान निवासी पासी टोला, मोहनापुर, पादरी बाजार, थाना शाहपुर, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई रकम में से 27 हजार रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी भी कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मुकदमा के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बक्शीपुर उपनिरीक्षक आदित्य कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ मौर्य, उपनिरीक्षक हर्ष कुमार शुक्ला और कांस्टेबल राकेश कुमार की अहम भूमिका रही।
Location : Gorakhpur
Published : 14 June 2026, 4:06 AM IST