मैनपुरी के करहल क्षेत्र में मारपीट के मामले में तीन महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता ने एसपी से न्याय और सुरक्षा की मांग की है।

परिवार के साथ एसपी ऑफिस पहुंची पीड़ित महिला
Mainpuri: करहल थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गंभीर मारपीट की घटना को तीन महीने बीत जाने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार दहशत और आक्रोश के बीच जीने को मजबूर है। सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।
घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट का आरोप
पीड़िता सुनीता देवी पत्नी अंकित कुमार निवासी 'नगला चक' ने शिकायत में बताया कि 31 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 8 बजे पुरानी रंजिश को लेकर गांव के कुछ लोग घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में पीड़िता और उसके परिजनों को गंभीर चोटें आई। सिर फट गया और कई दांत टूट गए। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
मुकदमा दर्ज, लेकिन कार्रवाई अधूरी
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद थाना करहल में मुकदमा दर्ज तो किया गया, लेकिन विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ न तो सख्त धाराएं बढ़ाई और न ही उनकी गिरफ्तारी की। आरोप है कि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे परिवार भय के साये में जी रहा है।
प्रभावशाली होने का आरोप, बढ़ी अनहोनी की आशंका
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी प्रभावशाली होने के कारण पुलिस कार्रवाई से बचते आ रहे हैं। पीड़िता ने आशंका जताई है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो कोई गंभीर घटना हो सकती है। परिवार ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
एसपी से निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की मांग
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है, ताकि उसे और उसके परिवार को सुरक्षा मिल सके। वहीं जिला प्रशासन स्तर पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कदम उठाती है।