Accident in Lucknow: रंगबाज़ कार चालक ने बाइक सवार को टक्कर मारते हुए एक किमी तक घसीटा, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है, पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी खबर

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 23 May 2025, 10:14 AM IST

लखनऊ: सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिमामऊ में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहाँ तेज रफ्तार से कार चला रहे एक युवक ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह कार के नीचे फँस गई और करीब एक किलोमीटर तक घसीटती चली गई। यह हादसा केडी सिंह बाबू स्टेडियम निवासी मोहम्मद आमिर की लापरवाही का नतीजा रहा, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घटना गुरुवार देर रात की है जब आमिर अपनी तेज रफ्तार कार (नंबर UP32MY1181) से जा रहा था। बताया जा रहा है कि कार में गाने की आवाज इतनी तेज थी कि आमिर को टक्कर लगने का अहसास तक नहीं हुआ। इस दौरान वह सामने से अपनी दिशा में आ रहे रजनीश कुमार (मोटरसाइकिल नंबर UP30BY4561) को टक्कर मार बैठा। टक्कर के बाद रजनीश जमीन पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी मोटरसाइकिल कार के नीचे फंसकर लगभग एक किलोमीटर तक घसीटती चली गई।

पुलिस ने वाहन चालक को किया गिफ्तार

स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चालक को पकड़ लिया। आरोपी आमिर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराएं 281 (लापरवाही से वाहन चलाना), 125A (सार्वजनिक सुरक्षा को खतरा) और 324(4) (गंभीर चोट पहुँचाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

दोनों वाहन-कार और बाइक को थाने में किया गया सीज

पुलिस द्वारा जब आमिर से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि गाड़ी में तेज आवाज में गाने बज रहे थे, जिस कारण उसे टक्कर का अहसास ही नहीं हुआ। दोनों वाहन-कार और बाइक को थाने में सीज कर दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि कैसे कुछ लोग रोड को अपनी जागीर समझकर नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हैं, जिससे आमजन की जान खतरे में पड़ जाती है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Lucknow

Published :  23 May 2025, 10:14 AM IST