Accident in Azamgarh: आजमगढ़ में तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार दो छात्राओं को रौंदा, दोनों की मौत

यूपी के आजमगढ़ जनपद से एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है, जहां कॉलेज जा रही दो साइकिल सवार छात्राओं की हादसे में मौत हो गई। पढे़ं डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी खबर

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 9 June 2025, 11:58 AM IST

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार ने कॉलेज जा रही दो साइकिल सवार छात्राओं को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह हादसा गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर स्थित नंदी भौजी गांव के समीप सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। दोनों छात्राएं, आंचल यादव (21) निवासी आहिल खनियरा और अंशिका यादव (20) निवासी कूड़ेभार खनियरा, अपनी साइकिलों से पढ़ाई के लिए श्रीमाता प्रसाद डिग्री कॉलेज, मईखरगपुर जा रही थीं।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्राएं जैसे ही नंदी भौजी गांव के पास पहुंचीं, उसी समय आजमगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों छात्राएं सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को लालगंज स्थित 100 सैय्या अस्पताल ले गए।

प्रतीकात्मक छवि (फाटो सोर्स- इंटरनेट)

इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम

अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने अंशिका यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आंचल यादव की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए छानबीन शुरू कर दी है।

परिवार में मचा कोहराम

जैसे ही हादसे की सूचना दोनों छात्राओं के परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग स्तब्ध हैं कि इतनी होनहार बेटियां इस तरह असमय काल के गाल में समा गईं।

क्या कह रही है पुलिस?

पुलिस का कहना है कि कार चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और चश्मदीदों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। हादसे को अंजाम देने वाली कार की पहचान करने की कोशिश जारी है।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Location :  Azamgarh

Published :  9 June 2025, 11:58 AM IST