ऐसा क्या हुआ? जो प्रभजोत कौर ने चुना मौत का रास्ता, पढ़ें भावुक करने वाली कहानी

नोएडा की हाइड पार्क सोसाइटी में सोमवार सुबह एक 55 वर्षीय महिला ने सातवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। मृतका की पहचान दिल्ली के विकासपुरी निवासी प्रभजोत कौर के रूप में हुई है। महिला लंबे समय से डिप्रेशन का इलाज करा रही थी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 August 2026, 6:30 PM IST

Noida: नोएडा की पॉश हाइड पार्क सोसाइटी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में रहने आई एक महिला ने सोसाइटी की सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान 55 वर्षीय प्रभजोत कौर के रूप में हुई है। वह दिल्ली के विकासपुरी की रहने वाली थीं और कुछ दिन पहले अपनी बहन के घर नोएडा रहने के लिए आई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बहन के घर आई थी प्रभजोत कौर

प्रभजोत कौर अक्सर नोएडा स्थित अपनी बहन सतविंद्र कौर के घर आती-जाती थी। उनकी बहन हाइड पार्क सोसाइटी के पांचवें तल पर परिवार के साथ रहती हैं। बताया जा रहा है कि प्रभजोत शुक्रवार को अपनी बहन के घर रहने के लिए नोएडा आई थी। सोमवार सुबह करीब 8 बजे वह अचानक ऊंचाई से कूदकर अपनी जान दे दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

सातवीं मंजिल से गिरने के कारण प्रभजोत कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद सोसाइटी में मौजूद लोग और परिवार के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पति की मौत के बाद अकेले रहती थी

पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रभजोत कौर के पति की पहले ही मौत हो चुकी थी। उनके दो बच्चे हैं, जो अलग रहते हैं। वह दिल्ली के विकासपुरी इलाके में अकेले रहती थी। अकेले रहने की वजह से वह अक्सर अपनी बहन के घर नोएडा आया करती थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रभजोत कौर लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रही थी और उनका इलाज भी चल रहा था। पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में थी।

Location :  Noida

Published :  17 August 2026, 6:30 PM IST