महराजगंज के इस कॉलेज में सजेगा साहित्य का महाकुंभ, देशभर के कवि एक साथ मंच पर आएंगे नजर

महराजगंज के जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में 27–28 फरवरी 2026 को पहली बार राष्ट्रीय संगोष्ठी और भव्य राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 8 February 2026, 1:49 PM IST

Maharajganj:  जनपद के शैक्षणिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, महराजगंज में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठी और भव्य राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन 27 एवं 28 फरवरी 2026 को किया जा रहा है। यह आयोजन हिंदुस्तानी एकेडेमी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग तथा कॉलेज के हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा, जिसकी तैयारियां इन दिनों युद्धस्तर पर चल रही हैं।

इस दो दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, संस्कृति और संस्कार के मूल्यों को समाज में और अधिक सुदृढ़ करना है। राष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय “भारतीय ज्ञान परंपरा: बौद्ध दर्शन और साहित्य” निर्धारित किया गया है, जिसमें संस्कृत एवं पालि भाषा के विशेष संदर्भ में विद्वान शोधार्थी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों के अनुसार शोध सारांश भेजने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2026 रखी गई है, जबकि चयनित शोधपत्रों को ISBN नंबर अंकित पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा, जिससे शोधकर्ताओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।

Kota Building Collapse: अचानक ढह गई रेस्टोरेंट वाली इमारत, 2 की मौत, 13 घायल

विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा

28 फरवरी को संगोष्ठी के समापन सत्र का आयोजन सक्सेना सभागार में किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के कुलपति प्रोफेसर मुरली मनोहर पाठक करेंगे। इस अवसर पर बौद्ध दर्शन और भारतीय ज्ञान परंपरा पर गहन विमर्श होगा, जो शिक्षाविदों और विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा।

इसी दिन सायं 7 बजे कॉलेज परिसर में साहित्य प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण के रूप में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए आठ सुप्रसिद्ध कवि अपनी ओजपूर्ण, संवेदनशील और विचारोत्तेजक रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। मंच पर नीलोत्पल मृणाल, डॉ. विनम्र सेन सिंह, मनु वैशाली, विकास बौखल, चंदन पाण्डेय, अभय निर्भीक, आकांक्षा बुंदेला और डॉ. चारु शिला सिंह जैसे चर्चित नाम शामिल होंगे, जिनकी रचनाएं युवाओं से लेकर वरिष्ठ पाठकों तक में बेहद लोकप्रिय हैं।

घुघली में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक-साइकिल की टक्कर में अधेड़ की मौत, गांव में पसरा मातम

कार्यक्रम में सारस्वत अतिथि के रूप में सारनाथ के धम्मा लर्निंग सेंटर के अध्यक्ष पूज्य भंते चंदिमा महाथेरो, लखनऊ के न्यायाधीश शिवेन्द्र मिश्र, भारत सरकार के मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो के उप महानिदेशक आनंद प्रकाश तिवारी तथा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के प्रोफेसर मुन्ना तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

कॉलेज के प्राचार्य ने दी ये जानकारी 

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र ने बताया कि यह आयोजन न केवल महराजगंज बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए गौरव का विषय है। संयोजक डॉ. बिपिन यादव और आयोजन सचिव डॉ. विजय आनंद मिश्र के नेतृत्व में आयोजन समिति कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटी हुई है।

Maharajganj Road Accident: सिसवा में दर्दनाक सड़क हादसा, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत

नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

यह आयोजन जिले के छात्रों, शिक्षकों और साहित्य प्रेमियों को राष्ट्रीय स्तर के विद्वानों और कवियों से संवाद का दुर्लभ अवसर प्रदान करेगा। निश्चित रूप से यह दो दिवसीय आयोजन महराजगंज को साहित्यिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 8 February 2026, 1:49 PM IST