हिंदी
जीएसटी सुधारों व राजस्व वृद्धि पर हुआ सीधा संवाद
Maharajganj: आयुक्त राज्य कर उत्तर प्रदेश (विधि अनुभाग) लखनऊ द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद महराजगंज में शनिवार को व्यापारी संवाद कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 17 जनवरी 2026 को अपराह्न 3:00 बजे से सायं 4:45 बजे तक एक मैरेज हाउस, फरेन्दा रोड, में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य मकसद व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, जीएसटी पंजीयन बेस का विस्तार करना, राजस्व वृद्धि सुनिश्चित करना तथा स्थानीय स्तर पर जीएसटी-20 सुधारों के प्रति उद्यमियों, करदाताओं और अन्य स्टेकहोल्डर्स को जागरूक करना रहा।
महराजगंज में जीएसटी को सरल बनाने की अच्छी पहल, व्यापारियों से हुआ सीधा संवाद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी (आईएएस) महराजगंज महेन्द्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि व्यापारिक माहौल सरल, पारदर्शी और सहयोगात्मक बने। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे कर नियमों का पालन करते हुए ईमानदारी से व्यवसाय करें, जिससे जिले के विकास में भी योगदान सुनिश्चित हो सके।
राज्य कर विभाग की ओर से उपायुक्त चन्द्रशेखर वर्मा, उपायुक्त हरिशंकर प्रसाद, सहायक आयुक्त प्रियंका श्रीवास्तव, राज्य कर अधिकारी पूजा पाल, राम रहस्य, प्रवेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जीएसटी पंजीयन प्रक्रिया, रिटर्न फाइलिंग, ई-वे बिल, जीएसटी-20 सुधारों तथा विभागीय सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी और व्यापारियों की शंकाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में व्यापारिक संगठनों की भी सशक्त भागीदारी रही। उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल, ईंट निर्माता संघ के अध्यक्ष मो. जहीर खान, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं, जिस पर अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
फरियादियों की सुनवाई से लेकर कंबल वितरण तक, महराजगंज डीएम की अच्छी पहल
व्यापारी संवाद कार्यक्रम को लेकर व्यापारियों में उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने इसे विभाग और व्यापारियों के बीच संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिससे व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
Location : Maharajganj
Published : 17 January 2026, 6:13 PM IST
Topics : business GST Maharajganj Program revenue