गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय महिला अपने 15 वर्षीय भतीजे के साथ घर से फरार हो गई। परिवार ने पहले इज्जत के डर से मामला दबाए रखा, बाद में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से दोनों को बरामद किया। जांच जारी है।

Symbolic Photo
प्यार में अंधे होने की कहानियां आपने बहुत सुनी होंगी, लेकिन यह मामला रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ देने वाला है। पीपीगंज थाना क्षेत्र में 35 साल की एक महिला अपने ही 15 वर्षीय भतीजे के साथ घर से फरार हो गई। दोनों 26 जनवरी को अचानक गायब हुए और परिवार को भनक तक नहीं लगी। जब देर शाम तक दोनों का पता नहीं चला तो घर में हड़कंप मच गया।
इज्जत के डर से दबाया मामला
बताया जा रहा है कि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाला 15 वर्षीय किशोर अपनी सगी चाची के साथ घर से चला गया। परिजनों ने पहले समाज में बदनामी के डर से इस बात को छिपाए रखा और अपने स्तर पर तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार मामला हाथ से निकलता देख पीपीगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
घंटों फोन पर होती थी बातचीत
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत होती थी। परिवार को इस पर कभी शक नहीं हुआ क्योंकि रिश्ता चाची-भतीजे का था। चाची का पति बाहर रहकर काम करता है। इसी दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने साथ रहने का फैसला कर लिया।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू की। आसपास के थानों को भी सूचना दी गई। कई दिनों की तलाश के बाद दूसरे थाना क्षेत्र की पुलिस ने सोमवार को दोनों को साथ में पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पीपीगंज पुलिस उन्हें थाने ले आई और परिजनों को बुलाया गया।
शादी की तैयारी में थे दोनों
सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब पता चला कि दोनों शादी की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, शादी से पहले ही पुलिस ने उन्हें बरामद कर लिया। सूत्रों के मुताबिक, पकड़े जाने के बाद भी महिला किशोर के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है।
पुलिस का कहना है कि चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। किशोर का मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग कराई जा सकती है। फिलहाल, परिवार सदमे में है और इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।