हिंदी
निकाल दी लड़की की डेड बॉडी
Agra: किरावली क्षेत्र के गांव जाजऊ में उस समय अफरातफरी मच गई जब 21 वर्षीय सना की संदिग्ध हालात में मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार किया जा रहा था और अचानक पुलिस पहुंच गई। मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने जलती चिता पर पानी डलवाकर आग बुझाई और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
साढ़े चार साल से साथ रह रहे थे
पुलिस के मुताबिक, सना मुस्लिम समुदाय से थी और करीब साढ़े चार साल पहले वह अजीत सिंह नामक युवक के साथ घर से चली गई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और तभी से साथ रह रहे थे। इस दौरान सना का अपने परिवार से कोई संपर्क नहीं था। अजीत सिंह फाइनेंस का काम करता है।
अचानक बिगड़ी तबीयत, फिर मौत
बुधवार दोपहर करीब तीन बजे सना की अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मौत का कारण टीबी बताया गया। इसके बाद अजीत सिंह ग्रामीणों के साथ शव को श्मशान घाट ले गया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
इसी बीच सना के परिजनों को सूचना मिली कि उसका अंतिम संस्कार किया जा रहा है। पिता निजाम ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। उनका आरोप है कि अजीत सिंह किस्त लेने के बहाने उनके घर आता था और उसी दौरान उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों का यह भी कहना है कि बेटी का धर्म परिवर्तन कराया गया और उसके साथ मारपीट व उत्पीड़न किया जाता था।
चिता बुझाकर शव कब्जे में लिया
सूचना मिलते ही फतेहपुर सीकरी थाना पुलिस श्मशान घाट पहुंची। उस समय चिता जल रही थी। पुलिस ने तुरंत आग बुझवाई और जलती चिता से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से अजीत सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसीपी अछनेरा ने बताया कि युवती टीबी से पीड़ित थी, लेकिन परिजनों की शिकायत के बाद सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रही है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जो सना की मौत की असली वजह साफ करेगी।
Location : Agra
Published : 12 February 2026, 2:38 AM IST
Topics : Agra news Agra Police Crime in Agra crime news