चलती ट्रेन में अचानक गूंजी किलकारी, 8 माह की गर्भवती ने दिया बच्ची को जन्म; बरेली पहुंचते ही RPF ने संभाला मोर्चा

बरेली जंक्शन पर शनिवार को अवध-असम एक्सप्रेस से जुड़ा एक भावुक मामला सामने आया। करीब आठ माह की गर्भवती यात्री को सफर के दौरान प्रसव पीड़ा हुई और ट्रेन में ही बच्ची का जन्म हो गया। सूचना मिलते ही बरेली RPF टीम ने ट्रेन अटेंड कर प्रसूता और नवजात को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। कार्रवाई ‘ऑपरेशन मातृ शक्ति’ के तहत की गई।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 26 September 2026, 8:05 PM IST

Bareilly: चलती ट्रेन में अचानक प्रसव पीड़ा और फिर नवजात की किलकारी... शनिवार को अवध-असम एक्सप्रेस में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जब करीब आठ माह की गर्भवती यात्री ने सफर के दौरान समय से पहले बच्ची को जन्म दे दिया। ट्रेन के बरेली जंक्शन पहुंचने से पहले ही महिला की हालत को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचना मिल गई थी। जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची, आरपीएफ की टीम तत्काल एस-4 कोच में पहुंची और प्रसूता व नवजात को संभाला। इसके बाद बिना समय गंवाए एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल बरेली भेजा गया।

कंट्रोल रूम से मिली सूचना

26 सितंबर को सुरक्षा नियंत्रण कक्ष मुरादाबाद और स्टेशन मास्टर बरेली की ओर से आरपीएफ को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 15910 अवध-असम एक्सप्रेस के एस-4 कोच में एक गर्भवती महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। महिला सीट नंबर 32 पर यात्रा कर रही थी और उसे तेज प्रसव पीड़ा हो रही थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक मयंक चौधरी ने टीम को तत्काल ट्रेन अटेंड करने के निर्देश दिए।

मूसलाधार बारिश से बरेली बेहाल! घुटनों तक पानी में डूबी सड़कें, घरों-दुकानों के सामने जलभराव

बरेली पहुंचने से पहले ही ट्रेन में गूंजी किलकारी

अवध-असम एक्सप्रेस शनिवार दोपहर करीब एक बजे बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। ट्रेन रुकते ही आरपीएफ टीम एस-4 कोच में पहुंची। वहां महिला यात्री प्रियंका अपनी नवजात बच्ची के साथ मिलीं। महिला के पति विकास ने आरपीएफ टीम को बताया कि वे दोनों लालगढ़ से छपरा जा रहे थे। प्रियंका करीब आठ माह की गर्भवती थीं। सफर के दौरान अचानक उन्हें तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और ट्रेन में ही समय से पहले बच्ची का जन्म हो गया।

एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल भेजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए बरेली जंक्शन पर तत्काल एंबुलेंस बुलवाई गई। एंबुलेंस संख्या UP32FG2791 के पहुंचने के बाद प्रसूता और नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान महिला टीटीई रति और डिप्टी एसएस राजपाल सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। एलसीटी अनु कुमारी की निगरानी में दोनों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल बरेली भेजा गया।

बरेली में मौत का तांडव: एक ही रास्ते पर कुछ ही घंटों के भीतर दो दर्दनाक हादसों ने उजाड़े घर

‘ऑपरेशन मातृ शक्ति’ के तहत हुई कार्रवाई

आरपीएफ के मुताबिक, महिला और नवजात को समय पर अस्पताल पहुंचाने की पूरी कार्रवाई ‘ऑपरेशन मातृ शक्ति’ के तहत दर्ज की गई है। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ टीम ने ट्रेन के बरेली पहुंचते ही बिना देरी किए संबंधित कोच तक पहुंचकर मदद की। इस दौरान पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने यह सुनिश्चित किया कि प्रसूता और नवजात को स्टेशन पर किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें जल्द से जल्द चिकित्सकीय सुविधा मिल सके।

सफर के दौरान अचानक बिगड़ी थी तबीयत

बताया गया कि प्रियंका अपने पति के साथ लालगढ़ से छपरा की यात्रा कर रही थीं। उन्हें रास्ते में ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। गर्भावस्था करीब आठ महीने की होने के कारण स्थिति को गंभीर माना गया और आरपीएफ को इसकी सूचना दी गई। ट्रेन के बरेली पहुंचने तक आरपीएफ टीम को अलर्ट रखा गया था। स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही टीम सीधे एस-4 कोच में पहुंची और महिला व नवजात को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। फिलहाल आरपीएफ के अनुसार प्रसूता और नवजात बच्ची दोनों सुरक्षित हैं।

Location :  Bareilly

Published :  26 September 2026, 8:05 PM IST