चलती ट्रेन में 7 लाख की लूट! गन प्वाइंट पर वारदात, फायरिंग कर कूदे बदमाश

रामपुर रेल रूट पर चलती ट्रेन में 7 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट से हड़कंप मच गया। बदमाशों ने गन प्वाइंट पर वारदात को अंजाम दिया और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस और आरपीएफ की टीमें जांच में जुटी हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 April 2026, 5:37 PM IST

Rampur: रामपुर रेल रूट पर दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने यात्रियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। चलती ट्रेन में बदमाशों ने गन प्वाइंट पर 7 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इस घटना से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की रेलवे पुलिस में हड़कंप मच गया है।

रुद्रपुर से दिल्ली जा रहे थे कर्मचारी

जानकारी के मुताबिक, यह मामला रुद्रपुर का है, जहां सिंह कॉलोनी निवासी मंजीत सिंह की स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। उनके दो कर्मचारी रितिक मंडल और साहब सिंह करीब 7 लाख रुपये की नकदी लेकर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे।

घात लगाकर बैठे थे बदमाश

बताया जा रहा है कि ट्रेन जैसे ही आनंदनगर इलाके के पास, रुद्रपुर स्टेशन से करीब एक किलोमीटर पहले पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने चलती ट्रेन में ही दोनों कर्मचारियों को निशाना बना लिया। बदमाशों ने गन प्वाइंट पर उन्हें कब्जे में लेकर उनके पास रखे 7 लाख रुपये लूट लिए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

बलरामपुर में ड्रोन, कॉम्बिंग और अलर्ट मोड में प्रशासन; हर कदम पर बढ़ाई गई निगरानी

फायरिंग कर फैलाई दहशत

लूट के बाद बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की। गोली चलने की आवाज से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्री सहम गए। जैसे ही ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई, तीनों बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर मौके से फरार हो गए। यह पूरा घटनाक्रम बेहद फिल्मी अंदाज में हुआ, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस और RPF अलर्ट

घटना के तुरंत बाद पीड़ित कर्मचारियों ने व्यापारी को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल को खबर दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की गई। आसपास के जंगलों में कांबिंग ऑपरेशन भी चलाया गया, लेकिन अब तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

रामपुर में खून, शक और फरारी… महिला टीचर की मौत ने खड़े किए कई सवाल

अधिकारियों की बैठक

मामले की गंभीरता को देखते हुए असिस्टेंट कमांडेंट मोहम्मद शारिक खान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने टीम के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए और जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया।

Location :  Rampur

Published :  15 April 2026, 5:37 PM IST