रसगुल्ले के कारण 11 साल के लड़के को तंदूर में झोंका

मलौली गांव में शादी समारोह के दौरान 11 साल के बच्चे को कथित तौर पर कैटरिंग ठेकेदार ने तंदूर में फेंक दिया। बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया और लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 April 2026, 6:33 PM IST

Basti: छावनी थाना क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक मासूम 11 साल के बच्चे को कथित तौर पर कैटरिंग ठेकेदार ने जलते तंदूर में फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। शादी की खुशियों के बीच हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।

शादी समारोह में हुआ दर्दनाक हादसा

यह सनसनीखेज मामला छावनी थाना क्षेत्र के मलौली गांव का है। जानकारी के मुताबिक नवाबगंज गोंडा के दुर्जनपुर निवासी 11 वर्षीय चमन, जो अपनी ननिहाल बाघानाला में रहता था, अपनी नानी के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने मलौली गोसाई गांव गया था। शादी में वह इधर-उधर भागदौड़ कर रहा था और खाना बन रहे स्थान पर भी बार-बार जा रहा था।

रसगुल्ले को लेकर भड़का ठेकेदार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चमन ने खाना बन रहे स्थान से एक-दो बार रसगुल्ला निकाल लिया था। इसी बात से नाराज होकर कैटरिंग का ठेकेदार भड़क गया। आरोप है कि उसने गुस्से में आकर बच्चे को पकड़ लिया और उसे डराने के लिए तंदूर के पास ले गया।

तंदूर में गिरने से बुरी तरह झुलसा मासूम

बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने बच्चे का सिर तंदूर के ऊपर रखते हुए धमकाया, लेकिन इसी दौरान चमन उसके हाथ से छूटकर सीधे जलते तंदूर में जा गिरा। इस हादसे में बच्चे का चेहरा, सीना और कमर तक का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग घबरा गए।

अयोध्या से लखनऊ रेफर

परिजन तुरंत घायल बच्चे को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया। फिलहाल बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है।

आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि घटना के बाद से ही आरोपी कैटरिंग ठेकेदार फरार है। पीड़ित बच्चे के मामा ने थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जा रहा है कि चमन की मां का पहले ही निधन हो चुका है और वह अपनी ननिहाल में रहकर जीवन बिता रहा था। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पूरी तरह सदमे में है और न्याय की गुहार लगा रहा है।

Location :  Basti

Published :  17 April 2026, 6:33 PM IST