क्या पॉलीटेक्निक कॉलेज में लगती है ‘फर्जी हाजिरी’? बैकडेट में साइन कर वेतन उठाने का आरोप, मची हलचल!

महराजगंज के राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज पुरैना के शिक्षकों पर निर्धारित समय से देर से आने, कम समय रुकने और अनुपस्थित रहने के बावजूद उपस्थिति दर्ज कर वेतन लेने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 August 2026, 7:09 PM IST

Maharajganj: राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज पुरैना में शिक्षकों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मोरवन निवासी राकेश यादव ने प्राविधिक शिक्षा निदेशालय, कानपुर को शिकायती पत्र भेजकर कॉलेज के अध्यापकों पर निर्धारित समय से विद्यालय नहीं पहुंचने, मनमाने ढंग से कॉलेज में रुकने और अनुपस्थित रहने के बावजूद उपस्थिति दर्ज कर वेतन लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिक्षकों के समय से नहीं आने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि कॉलेज के कुछ शिक्षक निर्धारित समय पर नहीं आते हैं और काफी देर से पहुंचने के बाद भी महज एक-दो घंटे कॉलेज में रुककर वापस चले जाते हैं। आरोप यह भी है कि जिस दिन शिक्षक कॉलेज नहीं आते, उस दिन की उपस्थिति अगले दिन बैकडेट में दर्ज कर हस्ताक्षर किए जाने की शिकायत सामने आई है।

ये भी पढ़ें- Kolhui: लावारिस बाइक के बाद नहर में मिला था युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ हैरतअंगेज खुलासा

नियमित रूप से नहीं चलती क्लास

शिकायत में शिक्षकों पर विद्यार्थियों को नियमित रूप से नहीं पढ़ाने और बिना स्वीकृत अवकाश के घर पर रहने के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि कुछ मामलों में लंबी छुट्टी के लिए मेडिकल प्रमाणपत्र का इस्तेमाल कर वेतन प्राप्त किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और इनकी वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़ें- गलत संबंध बनाओ वरना बच्चों समेत सड़क पर फेंक दूंगा…; चंदौली में हैवान बना देवर, विधवा की आपबीती सुन कांप जाएगी रूह

बायोमैट्रिक और सीसीटीवी चेक करने की मांग

सबसे गंभीर मांग कॉलेज की बायोमैट्रिक उपस्थिति, उपस्थिति पंजिका और CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग के मिलान को लेकर की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि अगर निर्धारित अवधि की बायोमैट्रिक उपस्थिति और CCTV फुटेज का उपस्थिति रजिस्टर से मिलान कराया जाए तो शिक्षकों के समय पर आने-जाने और वास्तविक उपस्थिति की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

शिकायत में प्राविधिक शिक्षा निदेशालय से किसी सक्षम अधिकारी को मामले की जांच सौंपने तथा कॉलेज के सभी अध्यापकों की उपस्थिति का रिकॉर्ड खंगालने की मांग की गई है। अब देखना होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों को लेकर विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई होती है और जांच में बायोमैट्रिक, CCTV और उपस्थिति पंजिका के रिकॉर्ड से क्या तस्वीर सामने आती है।

Location :  Maharajganj

Published :  20 August 2026, 7:09 PM IST